मुंबई में लग्जरी घरों की बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड, 6 महीने में ₹18,512 करोड़ का कारोबार
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 11:58 AM (IST)
मुंबईः देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लग्जरी हाउसिंग बाजार ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में नया रिकॉर्ड बनाया है। इंडिया सोथेबीज़ इंटरनेशनल रियल्टी और सीआरई मैट्रिक्स (CRE Matrix) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत वाले घरों की कुल बिक्री ₹18,512 करोड़ तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे बड़ा अर्धवार्षिक आंकड़ा है।
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आने वाली तिमाहियों में बिक्री की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। इसकी वजह H1 2026 का बेहद ऊंचा आधार (High Base) और आर्थिक विकास एवं शेयर बाजार को लेकर अधिक सतर्क दृष्टिकोण बताया गया है।
बिक्री में 26% की बढ़ोतरी
जनवरी से जून 2026 के बीच 957 लग्जरी घरों की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि (H1 CY25) की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक है। वहीं H1 CY23 के मुकाबले यह आंकड़ा 71 प्रतिशत ज्यादा रहा। पिछले 12 महीनों में करीब 1,700 लग्जरी आवास बिके, जो इस सेगमेंट का अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक रिकॉर्ड है।
₹20-40 करोड़ वाले घरों की मांग तेज
रिपोर्ट के अनुसार, 20 करोड़ से 40 करोड़ रुपए की कीमत वाले घरों की मांग में सबसे अधिक तेजी देखी गई। इस श्रेणी में बिक्री H1 CY23 के 66 यूनिट से बढ़कर H1 CY26 में 156 यूनिट हो गई। वहीं 40 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले अल्ट्रा-लग्जरी घरों की 41 डील दर्ज की गई।
वर्ली सबसे आगे, लोअर परेल भी उभरा
मुंबई के प्रमुख माइक्रो-मार्केट्स में वर्ली सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाला इलाका रहा। यहां लग्जरी संपत्तियों का लेनदेन मूल्य 79 प्रतिशत बढ़कर 4,493 करोड़ रुपए पहुंच गया, जबकि बिकने वाले घरों की संख्या लगभग 4.5 गुना बढ़कर 159 हो गई। 2023 के बाद लॉन्च हुई नई लग्जरी परियोजनाओं ने इस बढ़ोतरी को गति दी। वहीं लोअर परेल भी तेजी से उभरता बाजार बनकर सामने आया, जहां लेनदेन मूल्य 79 प्रतिशत बढ़कर 1,113 करोड़ रुपए हो गया।
2,000-4,000 वर्गफुट वाले घर सबसे पसंदीदा
रिपोर्ट के अनुसार, 2,000 से 4,000 वर्गफुट आकार वाले घर खरीदारों की पहली पसंद बने रहे और प्राथमिक बाजार की कुल बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 58 प्रतिशत रही। मुंबई के शीर्ष 10 लग्जरी इलाकों ने पहली छमाही में शहर की कुल प्राथमिक लग्जरी हाउसिंग बिक्री के 80 प्रतिशत मूल्य में योगदान दिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले समय में भी मुंबई का लग्जरी हाउसिंग बाजार मजबूत बना रहेगा, हालांकि वृद्धि की रफ्तार अपेक्षाकृत संतुलित और मुख्य रूप से वास्तविक खरीदारों (एंड-यूजर) की मांग पर आधारित रहने की संभावना है।
