सोने की ऊंची कीमतों के बीच बदला सोना खरीदने का तरीका, Digital Gold का बढ़ा क्रेज

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 03:06 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत में सोना खरीदने का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब लोग ज्वेलरी, सिक्के और गोल्ड बार के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी सोने में निवेश कर रहे हैं। सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद डिजिटल गोल्ड की मांग में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में भारत में डिजिटल गोल्ड की खरीदारी सालाना आधार पर 83% बढ़ी। 

सितंबर में ₹2,590 करोड़ का डिजिटल गोल्ड खरीदा

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की इंडिया गोल्ड मार्केट अपडेट के अनुसार, सितंबर 2026 में भारत में करीब ₹2,590 करोड़ का डिजिटल गोल्ड खरीदा गया। यह सितंबर 2025 के मुकाबले 83% अधिक है। वहीं, अगस्त 2026 की तुलना में खरीदारी में 4% की बढ़ोतरी हुई।

मात्रा के लिहाज से सितंबर में करीब 1.7 टन डिजिटल गोल्ड खरीदा गया। यह जनवरी 2025 से अब तक के औसत मासिक स्तर से 18% ज्यादा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में अब तक डिजिटल गोल्ड की कुल खरीदारी 16.3 टन रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 9.2 टन था। यानी सालाना आधार पर इसमें करीब 76% की वृद्धि हुई।

क्यों बढ़ रहा डिजिटल गोल्ड का क्रेज?

डिजिटल गोल्ड की लोकप्रियता बढ़ने की प्रमुख वजह इसकी आसान खरीदारी है। इसके लिए ज्वेलरी की दुकान पर जाने या एक साथ बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं होती। निवेशक कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए छोटी रकम से भी सोना खरीद सकते हैं।

इस सुविधा के कारण उन लोगों के लिए भी सोने में निवेश करना आसान हो गया है, जो धीरे-धीरे अपनी बचत का कुछ हिस्सा गोल्ड में लगाना चाहते हैं। हालांकि, रिपोर्ट में खरीदारों की उम्र के आधार पर आंकड़े नहीं दिए गए हैं, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि इसमें युवाओं की कितनी हिस्सेदारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News