INR vs USD: डॉलर के मुकाबले कमजोर हुई भारतीय करेंसी, रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 11:02 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः रुपया सोमवार को कमजोर रुख के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 96.25 प्रति डॉलर पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, वैश्विक अनिश्चितताओं और मजबूत डॉलर के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत अमेरिकी डॉलर और जारी भू-राजनीतिक तनावों ने उभरते बाजारों की मुद्राओं को मुश्किल में डाल दिया है। रुपए पर इस तनाव का असर अब स्पष्ट नजर आ रहा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.19 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.25 पर लुढ़क गया जो पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 के स्तर तक लुढ़कने के बाद सर्वकालिक निचले स्तर 95.81 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.32 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 833.20 अंक टूटकर 74,404.79 अंक पर जबकि निफ्टी 234 अंक फिसलकर 23,401.70 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 111.26 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 1,329.17 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
