IMD की विश्व प्रतिस्पर्धा सूची में भारत 45वें स्थान पर फिसला

Monday, Jun 05, 2017 - 12:49 PM (IST)

नई दिल्ली: आई.एम.डी. की प्रतिस्पर्धा सूची में भारत पिछले साल की तुलना में 4 पायदान फिसलकर 45वें स्थान पर आ गया है। इस वार्षिक सूची में हांगकांग पहले स्थान पर रहा है। इंटरनैशनल इंस्टीच्यूट फार मैनेजमैंट डिवैल्पमैंट (आई.एम.डी.) विश्व प्रतिस्पर्धात्मकता केंद्र द्वारा तैयार सूची में अमरीका पहले स्थान से पीछे चला गया है। लगातार दूसरे साल हांगकांग का इस सूची में दबदबा कायम रहा है।

इस बार अमरीका का प्रदर्शन रहा खराब
स्विट्जरलैंड सूची में दूसरे स्थान पर है। सिंगापुर तीसरे तथा अमरीका चौथे स्थान पर है। 5 साल में अमरीका का यह सबसे खराब प्रदर्शन है। पिछले साल इस सूची में अमरीका तीसरे स्थान पर था। शीर्ष 5 में नीदरलैंड पांचवें स्थान पर है। पिछले साल यह आठवें स्थान पर था। सूची में शीर्ष 10 में आयरलैंड छठे, डेनमार्क सातवें, लग्जमबर्ग आठवें, स्वीडन नौवें तथा संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई.) दसवें स्थान पर है। एक तरफ प्रतिस्पर्धात्मकता सूची में जहां भारत नीचे आया है वहीं चीन पिछले साल की तुलना में 7 स्थान चढ़कर 18वें पायदान पर पहुंच गया है।

निचले 5 स्थानों पर हैं ये देश
आई.एम.डी. विश्व प्रतिस्पर्धात्मकता केंद्र के निदेशक आर्टुरो ब्रिस ने कहा कि यदि आप चीन की ओर देखें तो उसकी स्थिति में सुधार की प्रमुख वजह अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को लेकर उसकी प्रतिबद्धता है। सूची में मुख्य रूप से वे देश निचले स्थान पर हैं जो राजनीतिक या आर्थिक गतिरोध झेल रहे हैं। यूक्रेन सूची में 60वें स्थान पर है। ब्राजील 61वें स्थान पर और वेनेजुएला 63वें स्थान पर। यह सूची 1989 से लगातार प्रकाशित की जा रही है। इस बार सूची में 63 देशों को शामिल किया गया है। साइप्रस और सऊदी अरब पहली बार सूची में स्थान पाने में सफल रहे हैं। आई.एम.डी. ने इस बार पहली बार विभिन्न देशों की डिजीटल प्रतिस्पर्धा की सूची भी जारी की है। डिजीटल रैंकिंग में सिंगापुर पहले स्थान पर है। उसके बाद स्वीडन, अमरीका, फिनलैंड तथा डेनमार्क का नंबर आता है। इस सूची में निचले 5 स्थानों पर रहने वाले देशों में इंडोनेशिया, यूक्रेन, मंगोलिया, पेरू तथा वेनेजुएला आते हैं। 
 

Advertising