भारत, न्यूजीलैंड संयुक्त डिग्री कार्यक्रम चलाने की संभावना तलाशेंः गोयल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 11:55 AM (IST)

नई दिल्लीः वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच शिक्षा क्षेत्र में अधिक सहयोग का आह्वान किया और संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों एवं छात्रों का आदान-प्रदान बढ़ाने पर जोर दिया। गोयल ने कहा कि न्यूजीलैंड के छात्रों के लिए भारत में काम करने और यहां की संस्कृति को समझने का अनुभव उपयोगी होगा, जबकि भारतीय छात्र न्यूजीलैंड में जाकर नए अवसरों और वैश्विक माहौल को समझ सकेंगे। उन्होंने न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले के दोहरी डिग्री देने के सुझाव का उल्लेख करते हुए कहा, "दोनों देशों के विश्वविद्यालयों में मिलकर पाठ्यक्रम एवं कार्यक्रम चलाए जा सकते हैं और छात्रों को संयुक्त डिग्री दी जा सकती है।" 

इससे पहले दिन में मैक्ले ने कहा था कि दोनों देशों में एक-दूसरे की डिग्री को मान्यता देने से शिक्षा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा मिल सकता है। इन दोनों मंत्रियों ने सोमवार को व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारत के लिए 118 सेवाक्षेत्रों में बाजार पहुंच और छात्रों एवं पेशेवरों के लिए विशेष वीजा मार्ग खोलने की बात कही है। 

समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय छात्रों की संख्या के लिए कोई सीमा नहीं रखने, पढ़ाई के दौरान 20 घंटे साप्ताहिक काम की अनुमति और स्नातकों के लिए अध्ययन के बाद कामकाजी वीजा (तीन से चार वर्ष तक) जैसी सुविधाएं दी हैं। इसके अलावा, हर साल 1,000 भारतीय युवाओं के लिए 12 महीने के कामकाजी हॉलीडे वीजा और 5,000 पेशेवरों के लिए अस्थायी रोजगार प्रवेश (टीईई) वीजा का प्रावधान भी किया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News