भारत ने वित्तवर्ष 2019 में 5,151 करोड़ रुपए के जैविक खाद्य उत्पादों का निर्यात किया: एपिडा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 30, 2019 - 12:23 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत ने वर्ष 2018-19 में 5,151 करोड़ रुपए के जैविक उत्पादों का निर्यात किया, जो निर्यात पिछले वर्ष 3,453 करोड़ रुपए के मुकाबले लगभग 49 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है। यह जानकारी कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकार ने दी है।

एपिडा के अध्यक्ष पवन बोरथाकुर ने कहा, ‘‘भारत ने वर्ष 2018-19 में प्रमाणित जैविक उत्पादों का लगभग 26.7 लाख टन का उत्पादन किया, जिसमें खाद्य उत्पादों की सभी किस्में शामिल हैं जैसे कि तेल बीज, गन्ना, अनाज और बाजरा, कपास, दालें, औषधीय पौधे, चाय, फल, मसाले, सूखे मेवे, सब्जियां, कॉफी आदि।'' यह उत्पादन खाद्य क्षेत्र तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जैविक कपास फाइबर और कार्यात्मक खाद्य उत्पादों का भी उत्पादन होता है।'' कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकार (एपिडा) वाणिज्य मंत्रालय के तहत एक सांविधिक निकाय है। इसने कहा कि जैविक उत्पाद श्रेणी के तहत प्रमुख रूप से मांग सन बीज (फ्लैक्स सीड), तिल और सोयाबीन के अलावा अरहर, चना जैसी दालों और चावल, चाय और औषधीय पौधों के लिए है।

बोरथाकुर ने कहा, ‘‘हाल के वर्षों में कनाडा, ताइवान और दक्षिण कोरिया से मांग बढ़ रही है। भारत के जैविक उत्पादों के लिए जर्मनी सबसे बड़े आयातकों में से एक है। अब, कई नए देश ने भी रुचि लेना शुरु किया है।'' उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2019 तक, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन प्रक्रिया (जैविक उत्पादन के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत पंजीकृत) के तहत कुल खेती का क्षेत्रफल 35.6 लाख हेक्टर था। भारत और विदेशों में जैविक कृषि उत्पादों की मांग को और बढ़ावा देने के लिए, एपिडा तीन दिवसीय बायोफच इंडिया 2019 में जैविक खाद्य उत्पादों, सामग्री, वस्तुओं और प्रसंस्कृत भोजन के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में भारत की ताकत का प्रदर्शन करेगा। यह व्यापार मेला 7-9 नवंबर के दौरान ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Supreet Kaur

Recommended News

Related News