रूस को भारत का इंजीनियरिंग निर्यात अप्रैल में 11 गुना बढ़ा: ईईपीसी

punjabkesari.in Sunday, May 21, 2023 - 11:11 AM (IST)

नई दिल्लीः रूस को इंजीनियरिंग उत्पादों का निर्यात पिछले वर्ष की तुलना में इस साल अप्रैल में 11 गुना बढ़कर 13.36 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया जबकि अमेरिका और चीन के बाजारों में नरमी बरकरार रही। इंजीनियरिंग निर्यात संवर्द्धन परिषद (ईईपीसी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

अप्रैल 2022 में स्वतंत्र देशों के राष्ट्रकुल (सीआईएस) को इंजीनियरिंग निर्यात 1.17 करोड़ डॉलर था। अप्रैल में अमेरिका को 1.4 अरब डालर की इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात किया गया। अप्रैल 2022 के 1.86 अरब डालर के निर्यात के मुकाबले इसमें 24.9 प्रतिशत की कमी रही। चीन को इंजीनियरिंग निर्यात अप्रैल 2023 में 15.5 प्रतिशत घटकर 18.33 करोड़ डालर रहा। 

हालांकि, पिछले महीने ओमान को होने वाला निर्यात अप्रैल 2022 के मुकाबले दोगुना बढ़कर 15.39 करोड़ डालर पहुंच गया। भारत की इंजीनियरिंग वस्तुओं के लिए शीर्ष 25 देशों में से 15 को निर्यात में वार्षिक आधार पर वृद्धि दर्ज की गई है। 

देश के कुल इंजीनियरिंग निर्यात में अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, इंडोनेशिया और सिंगापुर की 76 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वित्त वर्ष 2023-24 के पहले महीने में भारत का कुल इंजीनियरिंग निर्यात 7.15 प्रतिशत घटकर 8.99 अरब डालर रहा जबकि अप्रैल 2022 में कुल 9.68 अरब डालर का इंजीनियरिंग निर्यात किया गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News