भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बन सकता है: CEA वी. अनंत नागेश्वरन
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 01:36 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः चीफ इकनॉमिक एडवाइजर वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा है कि अगर भारत लगातार तेज आर्थिक वृद्धि बनाए रखे और तकनीक व रिसर्च में मजबूत प्रगति करे, तो वह 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है।
उन्होंने आईआईटी मद्रास में एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि इस लक्ष्य को पाने के लिए भारत को डॉलर टर्म में लगभग 12% की सालाना वृद्धि की जरूरत होगी। फिलहाल भारत की अर्थव्यवस्था करीब 3.91 ट्रिलियन डॉलर की है और अनुमान है कि अगले छह वर्षों में यह 7.8 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
नागेश्वरन ने यह भी कहा कि भारत को लंबे समय तक उच्च विकास बनाए रखने के लिए अपनी संरचनात्मक (ढांचागत) समस्याओं को दूर करना होगा, खासकर बदलते भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए।
उन्होंने जोर दिया कि अब अगली बड़ी चुनौती केवल सस्ता इनोवेशन नहीं है, बल्कि विज्ञान और इंजीनियरिंग में उच्च गुणवत्ता वाली रिसर्च है। उनके अनुसार, भारत की यूनिवर्सिटीज और लैब्स को अत्याधुनिक तकनीक से लैस होना चाहिए और असली काम रिसर्च को सीधे आर्थिक विकास में बदलने का है।
