सोने की चमक बरकरार, चांदी हुई फीकी

Thursday, Jan 19, 2017 - 03:07 PM (IST)

नई दिल्लीः अमरीका में सोने की कीमतों में आई जबरदस्त गिरावट के बावजूद स्थानीय बाजार में मांग बनी रहने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्थिर रहा। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय दबाव और घरेलू मांग में आई कमी से चांदी 150 रुपए लुढ़ककर 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

घरेलू सर्राफा बाजार पर अंतरराष्ट्रीय बाजार का काफी असर देखा गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में आई मजबूती से निवेशकों का आकर्षण सोने के प्रति कम हो गया, जिससे फरवरी का अमरीका सोना वायदा 10.80 डॉलर फिसलकर 1,201.30 डॉलर प्रति औंस पर रहा। हालांकि, लंदन में सोने की कीमतों में आये उछाल तथा स्थानीय मांग के दम पर पीली धातु गिरावट से बच गई। लंदन में सोना हाजिर 0.85 डॉलर चमककर 1,203.15 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

औद्योगिकी मांग में आई गिरावट तथा सिक्का निर्माताओं का ऑर्डर कम होने से घरेलू बाजार में चांदी की चमक फीकी पड़ गई। इस बीच, लंदन में भी चांदी हाजिर 0.04 डॉलर की गिरावट के साथ 16.97 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी। 

Advertising