सोने का आयात सितंबर में 45.6 प्रतिशत घटा

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2015 - 11:40 AM (IST)

नई दिल्ली: सोने का आयात सितंबर में 45.62 प्रतिशत घटकर 2.05 अरब डॉलर रहा। हालांकि अगस्त में इसमें तीव्र वृद्धि दर्ज की गई थी। सोने के आयात में कमी से चालू खाते के घाटे (कैड) पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। 

आयात में कमी का एक कारण पीली धातु की घटती कीमत है। वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले साल सितंबर में सोने का आयात 3.78 अरब डॉलर था। इस साल जुलाई और अगस्त में पीली धातु के आयात में 62.2 प्रतिशत तथा 140 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। सितंबर में आयात में कमी से व्यापार घाटा कम होकर 10.47 अरब डॉलर हो गया। भारत सबसे बड़ा सोना आयातक है।  

पूर्व में सोने के अत्यधिक आयात से चालू खाते का घाटा बढ़ा। वित्त वर्ष 2014-15 में कच्चे तेल तथा इलैक्ट्रॉनिक वस्तुओं के बाद सर्वाधिक आयात सोने का हुआ। वित्त वर्ष के दौरान कुल आयात 34.32 अरब डॉलर कर रहा। चालू खाते का घाटा 2014-15 में जीडीपी का 1.3 प्रतिशत रहा जो 2013-14 में 1.7 प्रतिशत था।  

वैश्विक स्तर पर सोने की कीमत सितंबर में 0.2 प्रतिशत घटकर 1,138.35 डॉलर औंस रही। पिछले साल सितंबर के पहले सप्ताह में सोने का भाव 1,260 डॉलर प्रति औंस के आसपास था। घरेलू बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट जारी है। 31 अक्तूबर को सोने का भाव 10 रुपए घटकर 26,820 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा। पिछले साल एक सितंबर को यह 28,175 डॉलर प्रति 10 ग्राम था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News