SBI New ATM Rule: SBI ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, 1 अक्टूबर से 10 नहीं, सिर्फ 5 ATM ट्रांजैक्शन होंगे फ्री
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 11:34 AM (IST)
SBI New ATM Rule: अगर आपका अकाउंट भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है और आप अक्सर दूसरे बैंकों के ATM से पैसे निकालते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। SBI ने सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM से मिलने वाले मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा घटाने का फैसला किया है। नया नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।
10 की जगह अब सिर्फ 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन
नई व्यवस्था के तहत SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहक दूसरे बैंकों के ATM और ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन (ADWM) से हर महीने केवल 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। अभी यह सीमा 10 ट्रांजैक्शन की है। खास बात यह है कि इस सीमा में सिर्फ कैश निकालना ही शामिल नहीं होगा। ATM पर बैलेंस चेक करना और मिनी स्टेटमेंट निकालना जैसी नॉन-फाइनेंशियल सर्विस भी एक-एक ट्रांजैक्शन के तौर पर गिनी जाएंगी।
मसलन, अगर आपने महीने में दो बार दूसरे बैंक के ATM से कैश निकाला और दो बार बैलेंस चेक किया, तो आपके 4 मुफ्त ट्रांजैक्शन इस्तेमाल हो चुके होंगे। इसके बाद एक और ATM सर्विस लेने पर पांचवीं फ्री लिमिट भी खत्म हो जाएगी।
फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कितना चार्ज?
महीने के 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद दूसरे बैंक के ATM से अतिरिक्त ट्रांजैक्शन करने पर शुल्क देना होगा।
कैश निकालने पर 23 रुपए प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क
अगर महीने के 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन पूरे हो जाते हैं, तो उसके बाद दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालने पर शुल्क देना होगा। कैश विड्रॉल के लिए 23 रुपए प्रति ट्रांजैक्शन का चार्ज है। इस पर GST अलग से लगेगा। वहीं, बैलेंस चेक करने या मिनी स्टेटमेंट जैसी नॉन-फाइनेंशियल सर्विसेस के लिए 11 रुपए प्रति ट्रांजैक्शन चार्ज लगेगा। इस पर भी GST अलग से देना होगा यानी बैंक ने अतिरिक्त ट्रांजैक्शन का चार्ज नहीं बढ़ाया है। बदलाव सिर्फ मुफ्त ट्रांजैक्शन की संख्या में किया गया है।
सभी SBI ग्राहकों पर लागू नहीं होगा नियम
यह बदलाव SBI के सभी ग्राहकों के लिए नहीं है। नया नियम खास तौर पर सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों पर लागू होगा। अगर आपका SBI में सामान्य सेविंग्स अकाउंट या कोई अन्य प्रकार का खाता है, तो इस बदलाव का सीधा असर नहीं पड़ेगा। ऐसे खातों के लिए ATM ट्रांजैक्शन और शुल्क से जुड़े मौजूदा नियम लागू रहेंगे।
SBI के ATM पर नहीं होगा बदलाव
सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों के लिए SBI के अपने ATM और ADWM से जुड़े मौजूदा नियमों में इस बदलाव के तहत कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इसलिए ग्राहक SBI के ATM का इस्तेमाल पहले की तरह कर सकते हैं।
कार्ड के बिना कैश निकालना रहेगा फ्री
SBI ने कार्डलैस कैश विड्रॉल को लेकर भी स्थिति साफ की है। कार्ड का इस्तेमाल किए बिना ATM से पैसे निकालने की सुविधा पर इस बदलाव का असर नहीं पड़ेगा। SBI के ATM या दूसरे बैंकों के ATM से कार्डलैस कैश निकालना आगे भी फ्री रहेगा। हालांकि, भविष्य में बैंक की ओर से कोई नया नियम आता है तो स्थिति बदल सकती है।
