Pension News: पेंशनधारकों के लिए जरूरी सूचना, निपटा लें ये बेहद जरूरी काम, वरना अटक सकती है पेंशन

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 11:03 AM (IST)

नई दिल्लीः देशभर के पेंशनधारकों के लिए एक अहम सूचना है। पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य होता है। ऐसे में सरकार ने पेंशनभोगियों से नवंबर के अंत तक अपना जीवन प्रमाणपत्र संबंधित बैंक शाखा में जमा करने या डिजिटल माध्यम से इसकी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा ने सभी पेंशनधारकों से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) यानी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधा से पेंशनभोगियों को काफी राहत मिल सकती है और उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

घर बैठे स्मार्टफोन से बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

सरकार की ओर से शुरू की गई 'जीवन प्रमाण' सेवा के माध्यम से पेंशनधारक बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल करके अपना जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए बैंक शाखा जाने या किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी।

सचिव ने पेंशनधारकों से अपने अनुभव दूसरे लोगों के साथ साझा करने और साथी पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील भी की है।

डिजिटल प्रमाणपत्र बनाने के लिए जरूरी दस्तावेज

ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए पेंशनधारकों के पास कुछ जरूरी जानकारियां होनी चाहिए।

  • आधार नंबर, जो मोबाइल नंबर से लिंक हो।
  • पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर।
  • पेंशन खाते की बैंक डिटेल।
  • आधार से संबंधित सत्यापन के लिए मोबाइल नंबर।
  • स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन।

जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा करने का तरीका

पेंशनभोगी नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बना सकते हैं।

  • सबसे पहले स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर से जीवन प्रमाण फेस ऐप डाउनलोड करें।
  • इसके बाद ऐप खोलकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
  • मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए पंजीकरण और सत्यापन पूरा करें।
  • अब पेंशनधारक की व्यक्तिगत जानकारी, PPO नंबर, बैंक खाता और अन्य जरूरी विवरण भरें।
  • इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनें।
  • मोबाइल कैमरे के सामने अपना चेहरा रखकर लाइव फेस स्कैन की प्रक्रिया पूरी करें।
  • सफल सत्यापन के बाद डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार हो जाएगा। इसकी प्रमाणपत्र आईडी स्क्रीन पर दिखाई देगी।

पेंशनधारक समय पर जरूर पूरी करें प्रक्रिया

जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं करने पर पेंशन के भुगतान में रुकावट आ सकती है। इसलिए सभी पेंशनभोगियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना प्रमाणपत्र जमा कर दें। डिजिटल सुविधा का लाभ उठाकर बुजुर्ग और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनधारक भी बिना परेशानी यह काम पूरा कर सकते हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News