EPFO की नई सुविधा: अब WhatsApp पर चेक करें PF बैलेंस, पासबुक भी होगी डाउनलोड, जान लें ये प्रोसेस
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 02:53 PM (IST)
नई दिल्लीः कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सदस्यों को बड़ी राहत देते हुए व्हाट्सएप आधारित नई डिजिटल सेवा शुरू की है। अब पीएफ खाताधारकों को अपना बैलेंस चेक करने, पासबुक देखने और खाते में हुए लेनदेन की जानकारी हासिल करने के लिए बार-बार ईपीएफओ पोर्टल पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने 1 नवंबर, 2026 को ईपीएफओ के स्थापना दिवस के अवसर पर इस सुविधा की शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य पीएफ सदस्यों को जरूरी सेवाएं उनके मोबाइल फोन पर आसानी से उपलब्ध कराना और डिजिटल सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना है।
कैसे इस्तेमाल करें WhatsApp सेवा?
ईपीएफओ की नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए सदस्यों को कुछ आसान चरणों का पालन करना होगा।
- नंबर सेव करें: सबसे पहले मोबाइल में ईपीएफओ का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 8796441800 सेव करें।
- Hi भेजें: व्हाट्सएप खोलकर इस नंबर पर 'Hi' लिखकर मैसेज भेजें।
- सेवा चुनें: चैट में मिलने वाले निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प चुनें।
- QR कोड से भी सुविधा: ईपीएफओ की ओर से जारी आधिकारिक क्यूआर कोड स्कैन करके भी सीधे चैट शुरू की जा सकती है।
WhatsApp पर मिलेंगी ये तीन सुविधाएं
नई सेवा के तहत पीएफ खाताधारकों को मुख्य रूप से तीन सुविधाएं मिलेंगी।
1. पीएफ बैलेंस की जानकारी: सदस्य बिना पोर्टल पर लॉगिन किए अपने पीएफ खाते में उपलब्ध बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
2. आखिरी पांच ट्रांजैक्शन का ब्योरा: खाते में हुए पिछले पांच लेनदेन की जानकारी व्हाट्सएप चैट के माध्यम से हासिल की जा सकेगी।
3. पासबुक डाउनलोड: सदस्य अपनी ईपीएफ पासबुक भी व्हाट्सएप के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे। इससे कर्मचारी और नियोक्ता की ओर से किए गए योगदान का विवरण देखना आसान होगा।
क्लेम और निकासी के लिए पोर्टल जरूरी
ईपीएफओ की यह सुविधा फिलहाल खाते से जुड़ी बुनियादी जानकारियां और पासबुक उपलब्ध कराने तक सीमित है। इसके जरिए पीएफ निकासी, क्लेम सेटलमेंट या व्यक्तिगत प्रोफाइल में बदलाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। इन सेवाओं के लिए सदस्यों को पहले की तरह ईपीएफओ के आधिकारिक पोर्टल या उमंग ऐप का इस्तेमाल करना होगा।
फर्जी नंबरों से रहें सावधान
ईपीएफओ ने डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। सदस्यों को केवल आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 8796441800 का ही उपयोग करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए।
