HSBC सूची प्रकरणः सरकार ने 5419 करोड़ रुपए के कर के नोटिस जारी किए

punjabkesari.in Thursday, May 04, 2017 - 11:59 AM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने उन भारतीय व्यक्तियों से 5419 करोड़ रुपए के कर की मांग की है जिनके नाम एच.एस.बी.सी. बैंक में विदेशी खातेदारों की सूची में सामने आए हैं। इनमें से करीब 337 करोड़ रुपए सरकार को मिल चुके हैं। एच.एस.बी.सी. सूची प्रकरण में कृत-कार्रवाई की ताजा स्थिति की जानकारी देते हुए राजस्व विभाग ने लोक लेखा समिति (पी.ए.सी.) को बताया है कि इस मामले में विभिन्न इकाइयों के खिलाफ 190 मुकद्दमे दायर किए गए हैं। 

गौरतलब है कि कुछ साल पहले एच.एस. बी.सी. बैंक की स्विट्जरलैंड शाखा में विदेशियों के अघोषित खातों के बारे में फ्रांस की सरकार से मिली सूचना के आधार पर भारत सरकार को 628 भारतीय व्यक्तियों और इकाइयों की सूची मिली थी। राजस्व विभाग के अनुसार दिसम्बर, 2016 के आखिर तक 628 में से 569 की खोज की जा चुकी थी। 409 मामलों में कर मूल्यांकन किया पूरा कार्रवाई किए जाने लायक पाए गए मामलों में से 409 मामलों में कर मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है। विभाग ने कहा है कि अज्ञात विदेशी खातों में जमा 8437 करोड़ रुपए कर के दायरे में लाए गए, इसमें से 1685 करोड़ रुपए की राशि का आकलन सरकार के राजस्व की रक्षा के तहत किया गया। कुल मिलाकर इस मामले में 5419 करोड़ रुपए के कर के नोटिस जारी किए गए हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News