सरकार ने जारी किए आंकड़े, नवंबर में लगातार दूसरे महीने एक लाख करोड़ के ऊपर रहा GST संग्रह

punjabkesari.in Tuesday, Dec 01, 2020 - 03:55 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकार का माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह नवंबर में 1.04 लाख करोड़ रुपए रहा है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में यह जानकारी दी। हालांकि, अक्टूबर की तुलना में जीएसटी राजस्व का आंकड़ा मामूली घटा है। अक्टूबर में यह 1.05 लाख करोड़ रुपए रहा था। चालू वित्त वर्ष में यह लगातार दूसरा महीना है जबकि जीएसटी संग्रह का आंकड़ा एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा है। नवंबर में जीएसटी संग्रह पिछले साल के समान महीने से 1.4 प्रतिशत अधिक है। नवंबर, 2019 में जीएसटी संग्रह 1,03,491 करोड़ रुपए रहा था।

वित्त मंत्रालय ने कहा, ‘जीएसटी राजस्व में सुधार के हालिया रुख के अनुरूप नवंबर में संग्रह का आंकड़ा पिछले साल के समान महीने से 1.4 प्रतिशत अधिक रहा है।’ बयान में कहा गया है कि समीक्षाधीन महीने में वस्तुओं के आयात से राजस्व पिछले साल के समान महीने की तुलना में 4.9 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं घरेलू लेनदेन से राजस्व पिछले साल के समान महीने से 0.5 प्रतिशत अधिक रहा है। नवंबर, 2020 में कुल जीएसटी राजस्व 1,04,963 करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय जीएसटी 19,189 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी 25,540 करोड़ रुपए और एकीकृत जीएसटी 51,992 करोड़ रुपए है (इसमें से 22,078 करोड़ रुपए वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए हैं)। इसमें उपकर का योगदान 8,242 करोड़ रुपए (वस्तुओं के आयात पर जुटाए गए 809 करोड़ रुपए शामिल) का रहा है।

लॉकडाउन से राजस्व प्रभावित
बीते वित्त वर्ष 2019-20 में 12 में से आठ महीनों में जीएसटी राजस्व एक लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा था। हालांकि, चालू वित्त वर्ष में कोरोना वायरस महामारी की वजह से लगाए गए लॉकडाउन से जीएसटी राजस्व प्रभावित हुआ है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल में जीएसटी संग्रह सिर्फ 32,172 करोड़ रुपए रहा था। मई में जीएसटी संग्रह 62,151 करोड़ रुपए, जून में 90,917 करोड़ रुपए, जुलाई में 87,422 करोड़ रुपए, अगस्त में 86,449 करोड़ रुपए, सितंबर में 95,480 करोड़ रुपए और अक्टूबर में 1,05,155 करोड़ रुपए रहा था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News