तीन महीने के हाई से नीचे आया सोना, चांदी भी फिसली

Wednesday, Aug 10, 2022 - 05:39 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने की कीमत में बुधवार को गिरावट आई। एमसीएक्स (MCX) पर पिछले सत्र में सोना तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था लेकिन आज इसमें गिरावट आई। दिल्ली सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में गिरावट के रुख के अनुरूप दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 60 रुपए टूटकर 52,811 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में पीली धातु का भाव 52,871 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा था।

चांदी भी 575 रुपए के नुकसान से 58,985 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी कोषों के प्रवाह से दोपहर के सत्र में रुपया 11 पैसे की बढ़त के साथ 79.52 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना नुकसान के साथ 1,789 डॉलर प्रति औंस पर था। चांदी 20.35 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘कॉमेक्स (जिंस बाजार) में बुधवार को सोना 1,789 डॉलर प्रति औंस पर कमजोर था। इससे यहां भी सोने में गिरावट आई।’

गोल्ड फ्यूचर

इस बीच एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 52,287 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। पिछले सत्र में यह 52,600 रुपए के ऊपर पहुंच गया था जो इसका तीन महीने का उच्चतम स्तर था। सिल्वर फ्यूचर्स में भी 0.5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली और यह 58,507 रुपए प्रति किलो के भाव पर आ गई।

जानकारों का कहना है कि गोल्ड के लिए सपोर्ट 52040-51,810 रुपए है जबकि रेसिसटेंस 52,420–52,540 रुपए है। उनका कहना है कि अगर अमेरिका में महंगाई बढ़ती है तो फेड रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रखेगा। यह सोने के लिए ठीक नहीं है। सोने को महंगाई के खिलाफ हेज के रूप में देखा जाता है लेकिन ऊंची ब्याज दरों से नॉन-यील्डिंग बुलियन की होल्डिंग कॉस्ट बढ़ जाती है।
 

jyoti choudhary

Advertising