Gold/Silver rate Hike: उछल गए सोने-चांदी के भाव, ₹1,53,000 के पार पहुंचा सोना, चांदी में 12393 रुपए की बढ़त
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 10:29 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः पश्चिम एशिया में सीजफायर की खबरों के बीच आज (8 अप्रैल) सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर सोना 3213 रुपए उछल गया, जबकि चांदी में 12393 रुपए की तेज बढ़त दर्ज की गई। खबर लिखे जाने के समय 10 ग्राम सोने का भाव 1,53,502 रुपए पर था, वहीं एक किलोग्राम चांदी 2,43,741 रुपए पर थी। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने-चांदी में तेज उछाल दर्ज किया गया है।
दिल्ली में सोने-चांदी की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,000 रुपए टूटकर 2.40 लाख रुपए प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना 600 रुपए के नुकसान के साथ 1.53 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। निवेशक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दी गई उस समयसीमा से पहले सतर्क हो गए हैं, जिसमें उन्होंने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की मांग की थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 2,000 रुपए या लगभग एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,40,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। सोमवार को बाज़ार बंद होने के समय इसकी कीमत 2,42,000 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
सर्राफा बाज़ार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपए या 0.4 प्रतिशत टूटकर 1,53,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
