सोना ऑलटाइम हाई पर, पहली बार 64,000 रुपए पर आया-ग्लोबल मार्केट में भी उछाल

Monday, Dec 04, 2023 - 12:35 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः इस सप्ताह सोने-चांदी के वायदा भाव की शुरुआत तेजी के साथ हुई। दोनों के वायदा भाव तेजी के साथ खुले। सोने के वायदा भाव ने आज 64 हजार रुपए के रिकॉर्ड स्तर को छू लिया। चांदी के वायदा भाव 78 हजार रुपए से ऊपर कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने-चांदी के वायदा भाव में भी तेजी देखने को मिल रही है। सोना 2,100 डॉलर पार कर चुका है।

सोने के वायदा भाव रिकॉर्ड स्तर पर

देश में सोने के दाम अब तक के सबसे महंगे लेवल पर चले गए हैं। सोने के वायदा भाव की आज शुरुआत तेजी के साथ हुई। ये पहली बार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 64,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर चला गया है। एमसीएक्स पर सुबह 10 बजे सोना 63874 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था और इसमें 517 रुपए या 0.82 फीसदी की बढ़त देखी जा रही थी। आज सोने के दाम पहली बार 64 हजार रुपए पर गए हैं और ये सोने का ऑलटाइम हाई लेवल है। सोने के दाम एमसीएक्स पर इसके फरवरी वायदा के लिए हैं।

चांदी भी चमकी

चांदी के वायदा भाव की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। MCX पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट आज 63 रुपए की तेजी के साथ 78,150 रुपए के भाव पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 114 रुपए की तेजी के साथ 78,201 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 78,549 रुपए के भाव पर दिन का उच्च और 78,150 रुपए प्रति किलो के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी तेज

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने चांदी की वायदा कीमतों की शुरुआत तेजी के साथ हुई। Comex पर सोना 2,094.39 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 2,089.70 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 13.10 डॉलर की तेजी के साथ 2,102.80 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था।

Comex पर चांदी के वायदा भाव 25.94 डॉलर के भाव पर खुले, पिछला क्लोजिंग प्राइस 25.85 डॉलर था। हालांकि खबर लिखे जाने के समय यह 0.01 डॉलर की गिरावट के साथ 25.84 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था।

jyoti choudhary

Advertising