भारी गिरावट के बाद फिर महंगा हुआ सोना-चांदी, जानिए आज का भाव

Wednesday, Oct 14, 2020 - 12:16 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः पिछले सत्र में सोने-चांदी की कीमतों भारी गिरावट के बाद आज घरेलू बाजार में इसकी कीमतों में मामूली तेजी आई है। मल्टीपल कमॉडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर मे डिलिवरी वाला सोना आज 124 रुपए की तेजी के साथ प्रति 10 ग्राम 50369 रुपए के भाव पर खुला। वहीं, मंगलवार को यह 50,245 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। मंगलवार को सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 850 रुपए की गिरावट आई थी। आज शुरुआती कारोबार में ही Gold ने 50,322 रुपए का न्यूनतम और 50,394 रुपए का उच्चतम स्तर छू लिया। सुबह 10.30 बजे यह 95 रुपए की तेजी के साथ 50,340 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। इसी के साथ आज फरवरी में डिलिवरी वाला सोना भी 202 रुपए की तेजी के साथ खुला। सुबह दस बजे यह 202 रुपए की तेजी के साथ 50,529 रुपए पर ट्रेड कर रहा था।
 
MCX पर आज चांदी भी 0.03% की तेजी के साथ प्रति किलोग्राम 60,738 रुपए के भाव पर खुली। सुबह 10.30 बजे यह 0.46% यानी 276 रुपए की तेजी के साथ 60,818 रुपए पर ट्रेड कर रही थी। मंगलवार को चांदी की कीमतों में 2600 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट आई थी। आज देश के बाजारों में हाजिर सोने की कीमत 10 रुपए की तेजी के साथ 50,550 रुपए पर खुली। हालांकि, यह इस सप्ताह के औसत दाम से 0.03% कम है। स्पॉट गोल्ड की कीमत आज अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 0.37% की गिरावट देखने को मिली और यह 1892.7 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, वैश्विक बाजारों में चांदी आज 0.27% की तेजी के साथ 23.8 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी। 

  
विश्लेषकों का कहना है कि निचले स्तरों पर सोने का समर्थन बना रहेगा। एक निवेश सलाहकार फर्म मिलवुड केन इंटरनेशनल के संस्थापक और सीईओ निश भट्ट के अनुसार, 'मुद्रास्फीति के खिलाफ सोने को एक सेफ हेवेन और बचाव के रूप में देखा जाता है।' उन्होंने आगे कहा, अमेरिकी चुनाव के परिणाम, अमेरिकी डॉलर और कोविड-19 वैक्सीन पर स्पष्टता से सोने को व्यापक दिशा मिलेगी।

गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,051 रुपए प्रति ग्राम
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,051 रुपए प्रति ग्राम तय किया है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना 2020-21 की श्रृंखला- सात अभिदान के लिए 12 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक खुली रहेगी। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि, 'बॉन्ड का मूल्य अभिदान अवधि से पिछले सप्ताह के आखिरी तीन कारोबारी दिनों में 999 शुद्धता वाले सोने के औसत बंद भाव के आधार पर 5,051 रुपए प्रति ग्राम है।' 
 

jyoti choudhary

Advertising