लंबे समय बाद पटरी पर लौट रही वैश्विक अर्थव्यवस्था: जेतली

Tuesday, May 23, 2017 - 01:33 PM (IST)

गांधीनगरः केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेतली ने आज कहा कि मंदी के लंबे दौर के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था अब पटरी पर लौट रही है हालांकि कुछ विकसित देशों की ‘अंदर की ओर देखने’ की नीति के चलते इसके फिर से छिन्न-भिन्न होने की संभावना भी बढ़ रही है।

आर्थिक वृद्धि 3.6 प्रतिशत रहने की उम्मीद
जेतली ने आज यहां अफ्रीकी विकास बैंक समूह के निदेशक मंडल की वार्षिक बैठक के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में कहा कि दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही थी पर आर्थिक गतिविधियों में मंदी के लंबे दौर के बाद आखिरकार सुधार की शुरूआत हो गई है। पिछले साल वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 3.5 प्रतिशत थी जो इस साल सुधर कर 3.6 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। उन्होंने इस संदर्भ में अपने हाल के अमरीका दौरे के दौरान हुए मिश्रित अनुभव का भी जिक्र किया।

अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
हालांकि उन्होंने कहा कि अफ्रीका और भारत दोनों बेहतर कर रहे हैं और यह सदी केवल एशिया के बजाय एशिया और अफ्रीका दोनों की होगी। दुनिया की एक तिहाई आबादी भारत और अफ्रीका में रहती है। कई तरह के आर्थिक सुधारों के चलते भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष के दौरान 7.7 प्रतिशत रहेगी। अफ्रीका भी अब बेहतर कर रहा है और इसकी औसत वृद्धि दर भी इस साल 3.4 प्रतिशत रहेगी। वहां मध्यम वर्ग की आबादी भी बढ़ रही है जिसकी क्रय क्षमता बढ़ने से वहां की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। भारत और अफ्रीका को एक दूसरे पर बिना कोई शर्त थोपे सहयोग के रास्ते पर चलते रहना चाहिए। दोनों के बीच सहयोग और संबंध और मजबूत हो रहे हैं। हाल के समय में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने 16 अफ्रीकी देशों का दौरा किया है और ऐसा एक भी अफ्रीकी देश नहीं जहां कोई न कोई भारतीय मंत्री न गया हो। यह महज संयोग नहीं है।

कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं
जेतली ने यह भी कहा कि अफ्रीका में कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। अफ्रीका में पूरे विश्व की 60 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि है जबकि वहां अब तक केवल 10 प्रतिशत खाद्यान्न का ही उत्पादन होता है। दूसरी तरह दुनिया की आबादी के 17 प्रतिशत का बोझ संभालने वाले भारत के हिस्से ऐसी केवल 2 प्रतिशत भूमि ही है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि भारत और अफ्रीका के बीच परस्पर बढ़ते संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे।
 

Advertising