2028 तक गौतम अडानी बन सकते दुनिया के दूसरे ट्रिलिनेयर! जानें कौन होगा नंबर 1 पर

punjabkesari.in Monday, Sep 09, 2024 - 12:40 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः साल 2027 तक दुनिया को अपना पहला ट्रिलिनेयर मिलने की संभावना है और यह व्यक्ति एलन मस्क हो सकते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, मस्क की नेटवर्थ 2027 तक एक लाख करोड़ डॉलर यानी 8,39,67,92,09,00,000 रुपए तक पहुंच सकती है। दिलचस्प बात यह है कि मस्क के एक साल बाद 2028 में भारत को भी अपना पहला ट्रिलिनेयर मिल सकता है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अगर सालाना 123% की औसत वृद्धि दर बनाए रखते हैं, तो वे भी इस क्लब में शामिल हो सकते हैं। वर्तमान में मस्क 237 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति हैं, जबकि गौतम अडानी 99.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 13वें स्थान पर हैं।

PunjabKesari

एलन मस्क की तेजी से बढ़ती नेटवर्थ

Informa Connect Academy की एक स्टडी के अनुसार, टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स जैसी कई कंपनियों का नेतृत्व करने वाले मस्क की नेटवर्थ सालाना 110% की औसत वृद्धि दर से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 तक उनकी संपत्ति चार गुना से भी अधिक हो जाएगी। इस साल अब तक उनकी संपत्ति में 7.73 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है।

PunjabKesari

अडानी की नेटवर्थ में भी हो रही है तेजी

दूसरी ओर, अडानी की संपत्ति सालाना 123% की औसत दर से बढ़ रही है। अगर यह दर बरकरार रहती है, तो 2028 तक अडानी भी ट्रिलिनेयर क्लब में शामिल हो सकते हैं। इस साल अडानी की नेटवर्थ में 15.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। एशियाई रईसों की सूची में अडानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

2030 तक ट्रिलिनेयर क्लब में कई नए नाम

रिपोर्ट के अनुसार, एआई चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग और इंडोनेशिया के सबसे बड़े रईस प्राजोगो पेंगेस्तू 2028 तक ट्रिलिनेयर बन सकते हैं। वहीं, फ्रांसीसी व्यवसायी बर्नार्ड अरनॉल्ट 2030 तक इस क्लब में शामिल हो सकते हैं। उसी साल फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग भी ट्रिलिनेयर क्लब का हिस्सा बन सकते हैं। अब तक सिर्फ कुछ कंपनियां ही ट्रिलियन डॉलर क्लब में शामिल हुई हैं, जिनमें ऐपल, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, अल्फाबेट, ऐमजॉन, सऊदी अरामको और मेटा शामिल हैं। वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने भी हाल ही में ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप हासिल किया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News