6 शीर्ष कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 52,000 करोड़ रुपए घटा
punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 11:23 AM (IST)
नई दिल्लीः बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की 6 शीर्ष कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह कुल मिलाकर 52,000 करोड़ रुपए से अधिक घटा। इनमें आईटी कंपनी टी.सी.एस. के बाजार पूंजीकरण में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार को समाप्त आलोच्य सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टी.सी.एस., एच.डी.एफ.सी., एच.यू.एल., ओ.एन.जी.सी. तथा एस.बी.आई. के बाजार पूंजीकरण में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं इसी दौरान बाजार पूंजीकरण के हिसाब से दस शीर्ष कंपनियों में एच.डी.एफ.सी. बैंक, आई.टी.सी., मारुति सुजुकी इंडिया व इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण बढ़ा। आलोच्य सप्ताह में टी.सी.एस. का बाजार पूंजीकरण 40,008.61 करोड़ रुपए घटकर 5,40,881.96 करोड़ रुपए रह गया।
वहीं आर.आई.एल. का बाजार पूंजीकरण 7,316.53 करोड़ रुपए घटकर 5,70,435.32 करोड़ रुपए तथा ओ.एन.जी.सी. का बाजार पूंजीकरण 2,887.48 करोड़ रुपए घटकर 2,27,661.59 करोड़ रुपए रह गया। इसी तरह एच.डी.एफ.सी. का बाजार पूंजीकरण 989.2 करोड़ रुपए घटकर 2,99,893.64 करोड़ रुपए तथा एस.बी.आई. का बाजार पूंजीकरण 474.76 करोड़ रुपए घटकर 2,18,045.68 करोड़ रुपए रह गया। वहीं हिंदुस्तान यूनीलीवर (एच.यू.एल.) का बाजार पूंजीकरण 324.67 करोड़ रुपए घटकर 2,81,190.10 करोड़ रुपए रह गया।