Foxconn कर्मियों के लिए हॉस्टल: पहली बार किसी राज्य सरकार ने प्राइवेट कंपनी के लिए की ऐसी व्यवस्था

punjabkesari.in Thursday, Aug 15, 2024 - 09:46 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः तमिलनाडु सरकार देश में पहली बार एक नई पहल के तहत निजी कंपनियों के कर्मचारियों के लिए विशाल हॉस्टल बनाने जा रही है। इस परियोजना के तहत, फॉक्सकॉन की 18,720 महिला कर्मचारियों के लिए चेन्नई के पास वल्लम वडागल में 17 अगस्त को एक विशेष आवासीय परिसर का उद्घाटन होगा। यह मॉडल चीन और वियतनाम में सफल रहा है और अब तमिलनाडु सरकार ने इसे अपनाते हुए यह हॉस्टल बनाया है।

इस परियोजना की खास बात यह है कि तमिलनाडु सरकार ही इस हॉस्टल का संचालन और रखरखाव करेगी। बताया जा रहा है कि यह परियोजना फॉक्सकॉन के अलावा अन्य कंपनियों के लिए भी एक प्रेरणास्त्रोत बन रही है। ताइवान की अडाटा टेक्नोलॉजी ने भी अपने कर्मचारियों के लिए इसी तरह की सुविधा की मांग की है।

इस परियोजना की लागत 706.5 करोड़ रुपए है, जिसमें से 490 करोड़ रुपए का वित्तपोषण भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया है। तमिलनाडु राज्य उद्योग संवर्द्धन निगम (सिपकॉट) इस परिसर का प्रबंधन करेगा। यह 20 एकड़ भूमि में फैला है और इसमें कुल 13 ब्लॉक हैं। यहां 1,170 सीसीटीवी कैमरे और खेल-कूद की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस तरह की आवासीय परियोजनाएं न केवल कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाएंगी, बल्कि काम की उत्पादकता भी बढ़ेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News