एक जून से हड़ताल पर जा सकते महाराष्ट्र के किसान

punjabkesari.in Tuesday, Apr 04, 2017 - 02:19 PM (IST)

मुंबईः महाराष्ट्र के किसान एक जून से हड़ताल पर जा सकते है। किसान अपनी समस्याओं की ओर राज्य सरकार का ध्यान खींचने के लिए हड़ताल पर जाने की योजना बना रहे हैं। इस दौरान ना केवल बाजार में कृषि उत्पाद बेचने पर पाबंदी रहेगी बल्कि फसल संबंधी कोई भी गतिविधियां नहीं होंगी।

इस हड़ताल में अहमदनगर और मराठवाड़ा के 40 गांवों के हज़ारों किसान सहभागी होंगे। महाराष्ट्र के विविध इलाकों के किसानों ने सोमवार को अहमदनगर जिले के राहता तहसील में पुनतांबा गांव में एक ग्रामसभा का आयोजन किया था। इस सभा में हज़ारों किसानों ने शिरकत की थी। इस सभा में किसानों के क़र्ज़ माफ़ करने, खेतों में मुफ्त बिजली देने, किसानों के लिए पेंशन स्कीम शुरू करने और दूध की दर 50 रुपए लीटर करने की मांग पर सभी की सहमति बनी।

बता दें कि, महाराष्ट्र में विपक्ष ने भी किसानों के कर्ज माफ़ी को लेकर संघर्ष यात्रा निकाली है। इस यात्रा में कांग्रेस, एनसीपी और समाजवादी पार्टी समेत कई छोटे दलों ने हिस्सा लिया है। इस बीच महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील जनता के बीच कहा कि राज्य सरकार किसनो की अनदेखी कर रही है। उन्होने शिवसेना पर भी तंज कसते हुए कहा कि अगर सेना को किसानों की चिंता है तो उन्हें सरकार से अलग हो जाना चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News