Facebook पर लगा अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना, डाटा लीक मामले में देने होंगे 34 हजार करोड़ रुपए

punjabkesari.in Saturday, Jul 13, 2019 - 06:07 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमेरिकी नियामकों ने फेसबुक पर सोशल नेटवर्क की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा खामियों के लिए 5 अरब डॉलर (करीब 34 हजार करोड़ रुपए) का जुर्माना तय किया है। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार मामलों को देखने वाले फेडरल ट्रेड कमीशन (एफटीसी) ने मार्च 2018 में फेसबुक पर लगे कथित डेटा लीक के आरोपों की जांच शुरू की थी। इसमें कंपनी को यूजर्स की निजता और सुरक्षा में चूक का दोषी पाया गया। 

जानकारी के मुताबिक ये किसी टेक कंपनी पर अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना होगा। हालांकि, पेनल्टी की रकम फेसबुक के 2018 के रेवेन्यू के मुकाबले सिर्फ 9% है। यही वजह है कि इस जुर्माने से फेसबुक को खास झटका नहीं लगेगा। कंपनी ने 2019 के शुरुआती तीन महीनों में ही 15 बिलियन डॉलर से ज्‍यादा का राजस्‍व कमाया है। जब यह खबर आई तो फेसबुक के स्‍टॉक प्राइज में 1% का उछाल देखा गया।

PunjabKesari

फेसबुक की डेटा प्राइवेसी सवालों के घेरे में
अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, फेसबुक पर 2018 में ब्रिटिश कंसल्टेंसी फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका को अपने करोड़ों यूजर्स का डेटा देने का आरोप लगा था। इसके बाद से ही उसकी डेटा प्राइवेसी और यूजर सिक्योरिटी के मुद्दे पर सवाल उठने लगे थे। मार्क जुकरबर्ग को इस मामले में अमेरिकी संसद के सामने पेश भी होना पड़ा था। एफटीसी ने इसके बाद ही फेसबुक पर लगे आरोपों की जांच शुरू कर दी थी। 

PunjabKesari

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसबुक ने अपने खिलाफ जांच शुरू होने के बाद ही कानूनी समझौते के लिए 3 से 5 अरब डॉलर चुकाने की बात कही थी। एफटीसी ने भी मामले की जांच खत्म करने के लिए इन्हीं शर्तों पर कंपनी पर जुर्माना लगाया है। हालांकि इस पर अभी अमेरिकी न्याय विभाग की मुहर लगना बाकी है।

PunjabKesari

गूगल पर 2012 में सात साल पहले लगा था 154 करोड़ का जुर्माना
कमीशन की तरफ से फेसबुक पर लगाया गया जुर्माना किसी टेक कंपनी पर लगी अब तक की सबसे बड़ी पेनाल्टी है। हालांकि, यह फेसबुक के 2018 के रेवेन्यू का महज 9% ही है। इससे पहले एफटीसी ने 2012 में गूगल पर निजता के एक मामले में 2.25 करोड़ डॉलर (करीब 154 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया था। 

कैम्ब्रिज एनालिटिका डेटा लीक विवाद
फेसबुक ने पिछले साल मार्च में ब्रिटिश कंसल्टेंसी फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका को 8.7 करोड़ यूजर्स का डेटा लीक होने की बात मानी थी। कैंब्रिज एनालिटिका ने इन सूचनाओं का इस्तेमाल 2016 में अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान किया था। एफटीसी के अलावा अमेरिकी रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन और डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस भी इसकी जांच कर रहे हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने 2018 में मामले से जुड़ी एक रिपोर्ट भी प्रकाशित की थी। इसके मुताबिक फेसबुक ने यूजर्स का जितना डेटा दूसरी कंपनियों को देने की बात स्वीकार की थी, वास्तव में वह उससे कहीं ज्यादा सूचनाएं उन्हें दे रही थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News