एक्जिम बैंक ने 2025-26 के लिए वित्त मंत्री को 428 करोड़ रुपए का लाभांश चेक सौंपा

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 05:34 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्जिम बैंक) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 428 करोड़ रुपए के लाभांश का चेक वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपा। एक्जिम बैंक ने बयान में कहा कि बैंक ने 2025-26 में 4,273 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जिसमें से शुद्ध लाभ का 10 प्रतिशत यानी 428 करोड़ रुपये भारत सरकार को लाभांश के रूप में हस्तांतरित किया गया। बैंक की प्रबंध निदेशक हर्षा बंगारी ने उप प्रबंध निदेशक तरुण शर्मा की मौजूदगी में वित्त मंत्री को लाभांश का चेक सौंपा। 

एक्जिम बैंक ने कहा कि 2025-26 के दौरान उसके शुद्ध लाभ में 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई और वित्तीय प्रदर्शन के विभिन्न संकेतक मजबूत रहे। यह भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा साझेदार देशों की विकास संबंधी प्राथमिकताओं के समर्थन के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। बैंक ने कहा कि उसकी चुकता पूंजी पूरी तरह भारत सरकार के स्वामित्व में है और उसी ने इसकी सदस्यता ली है।

बयान में कहा गया कि बैंक भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश के वित्तपोषण, उसे सुगम बनाने तथा बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें कहा गया कि अपने विविध उत्पादों तथा सेवाओं के माध्यम से एक्जिम बैंक भारतीय उद्यमों को वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में सहयोग देता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News