EPFO जल्द हो जाएगा पेपरलैस, 1 क्लिक पर उपलब्ध होंगी तमाम सेवाएं

punjabkesari.in Friday, Aug 25, 2017 - 08:55 AM (IST)

नई दिल्लीः सेवानिवृति कोष चलाने वाली संस्था कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) डिजिटल इंडिया पहल के तहत अगले साल अगस्त तक पूरी तरह से पेपरलैस हो जाएगा। इससे कोष के पांच करोड़ अंशधारकों के लिए सेवाओं में काफी सुधार आएगा। संगठन हालांकि, कुछ सेवाओं को पहले ही आनलाइन कर चुका है। ई.पी.एफ.ओ. संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा की कई योजनाएं चलाता है। इनमें कर्मचारी भविष्य निधि, पेंशन और बीमा योजनायें प्रमुख हैं। संगठन ने भविष्य निधि निकासी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है।

ऑनलाइन उपलब्ध होंगी सेवाएं
संगठन की तमाम सेवाओं के ऑनलाइन होने से औपचारिक क्षेत्र के कर्मचारियों और नियोक्ताओं को काफी सुविधा होगी। सभी सेवाओं के ऑनलाइन होने से अंशधारकों का अधिकारियों के साथ सीधे आमना सामना नहीं होगा। इससे भ्रष्टाचार और प्रताडि़त किए जाने की गुंजाइश भी कम होगी। केन्द्रीय भविष्य निधि आयुक्त वी.पी. जॉय ने यहां तिरंगा यात्रा शुरू करने के मौके पर कहा, ‘‘ई.पी.एफ.ओ. ने लक्ष्य तय किया है। हमने अगले स्वतंत्रता दिवस तक संगठन को पूरी तरह से इलेक्ट्रानिक कागज रहित संगठन बनाने का फैसला किया है। इस दिन से संगठन की सभी सेवाएं इलेक्ट्रानिक साधनों के जरिए उपलब्ध होंगी अथवा मोबाइल हैंडसेट से भी इन्हें प्राप्त किया जा सकेगा।’’ उन्होंने कहा कि ई.पी.एफ.ओ. जैसे ही पूरी तरह से डिजिटल होगा लोगों को अपने काम के लिये ई.पी.एफ.ओ. के दफ्तरों में नहीं आना पड़ेगा।    
       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News