Elon Musk''s Net worth: एलन मस्क को सबसे बड़ा झटका, Negative हुई नेटवर्थ, हो गया 20 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान
punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 10:54 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों में से गुरुवार को 8 की नेटवर्थ में गिरावट दर्ज की गई। सबसे बड़ा नुकसान दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क को हुआ। टेस्ला के शेयरों में 6.64% गिरावट के बाद मस्क की नेटवर्थ 20.5 अरब डॉलर घटकर 430 अरब डॉलर रह गई। इस साल अब तक उनकी संपत्ति में 2.83 अरब डॉलर की कमी आई है। टेस्ला के शेयरधारकों ने हाल ही में मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर का विशाल पे-पैकेज मंजूर किया है।
दूसरे दिग्गजों की नेटवर्थ में भी भारी उतार-चढ़ाव
लैरी एलिसन की नेटवर्थ में 10.8 अरब डॉलर की गिरावट आई। इसके बावजूद वह 275 अरब डॉलर के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में अब तक 82.6 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। जेफ बेज़ोस की संपत्ति 5.77 अरब डॉलर घटकर 259 अरब डॉलर रह गई। लैरी पेज ने 6.36 अरब डॉलर, जबकि सर्गेई ब्रिन ने 5.89 अरब डॉलर खोए।
किसे हुआ फायदा?
मार्क जकरबर्ग की नेटवर्थ में 335 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई। वह 216 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के 6वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वॉरेन बफे की नेटवर्थ में 2.56 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज हुई।
भारतीय अरबपतियों की स्थिति
एशिया के सबसे अमीर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 29.9 मिलियन डॉलर की गिरावट आई, जिससे उनकी संपत्ति घटकर 106 अरब डॉलर रह गई। वह ग्लोबल लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 15.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। गौतम अडानी की नेटवर्थ में 108 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई और वह 90.9 अरब डॉलर के साथ 19वें स्थान पर हैं। इस साल उनकी संपत्ति में 12.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।


