Elon Musk फिर चर्चा में, फोर्ब्स की America’s Greatest Innovators लिस्ट में नंबर-1 पर

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 02:46 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क एक बार फिर सुर्खियों में हैं। प्रतिष्ठित मैगजीन फोर्ब्स द्वारा जारी ‘अमेरिका के महान इनोवेटर्स’ (America’s Greatest Innovators) की सूची में मस्क को नंबर-1 स्थान दिया गया है। अपने साहसी फैसलों, नई तकनीकों और भविष्यवादी सोच के चलते मस्क लंबे समय से वैश्विक नवाचार की दुनिया में प्रमुख चेहरा बने हुए हैं।

एलन मस्क को अक्सर रियल लाइफ ‘टोनी स्टार्क’ या ‘आयरन मैन’ कहा जाता है। इलेक्ट्रिक कारों को लोकप्रिय बनाने से लेकर अंतरिक्ष यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में उनके प्रयासों ने तकनीकी दुनिया को नई दिशा दी है। टेस्ला, स्पेसएक्स, न्यूरालिंक और xAI जैसी कंपनियों के जरिए उन्होंने कई क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा की हैं, जिसे फोर्ब्स ने इस रैंकिंग में मान्यता दी है।

फोर्ब्स की टॉप-10 सूची में दूसरे स्थान पर अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, तीसरे पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, चौथे पर फिल्म निर्माता जॉर्ज लुकास और पांचवें स्थान पर एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों—ई-कॉमर्स, सॉफ्टवेयर, मनोरंजन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस—में बड़े बदलाव लाने का काम किया है।

सूची में छठे स्थान पर ओपनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन, सातवें पर नाइकी के सह-संस्थापक फिल नाइट, आठवें पर मार्टिन रोथब्लैट, नौवें पर मीडिया उद्योग के दिग्गज टेड टर्नर और दसवें स्थान पर वेंचर कैपिटलिस्ट विनोद खोसला का नाम है। इन सभी को नई सोच, जोखिम उठाने की क्षमता और तकनीक व बिजनेस में बड़े बदलाव लाने के लिए फोर्ब्स ने सम्मानित किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News