चीन में उपभोक्ता खर्च में गिरावट: लोग कर सस्ते उत्पादों की ओर रुख, कंपनियों पर संकट
punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2024 - 01:57 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2024_8image_13_57_432458824china.jpg)
बिजनेस डेस्कः 'यहां तक कि जो लोग गरीब हैं, वे भी गर्मी से डरते हैं।' चीन में ड्रिंक्स और आइसक्रीम बनाने वाली चेन मिक्सयू के लेमोनेड पर छपा यह स्लोगन देश के उपभोक्ता खर्च के बारे में बहुत कुछ कहता है। भीषण गर्मी के बीच इस सस्ते पेय की बिक्री में भारी वृद्धि हुई है, जबकि इसका मूल्य चाय के मुकाबले काफी कम है। ब्लॉगर्स का मानना है कि लेमोनेड की बढ़ती मांग उपभोक्ताओं द्वारा अपनाई जा रही किफायत की प्रवृत्ति को दर्शाती है। चीन में उपभोक्ताओं की बदलती प्राथमिकताओं के बीच, सस्ते उत्पादों की मांग बढ़ रही है।
उपभोक्ता खर्च में गिरावट
चीन में उपभोक्ता खर्च में भारी कमी आई है। शंघाई जैसे बड़े शहरों में 2024 के पहले छह महीनों में उपभोक्ता खर्च पिछले साल की तुलना में 2.3% कम हो गया है। लोगों ने महंगे उत्पादों से दूरी बना ली है और अब वे सस्ते और किफायती विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे लग्जरी उत्पादों और ब्रांडेड वस्तुओं की बिक्री में गिरावट आई है।
प्रॉपर्टी मार्केट का ठंडा पड़ना
चीन में प्रॉपर्टी मार्केट, जो पहले परिवारों के निवेश का सबसे बड़ा स्रोत था, अब ठंडा पड़ गया है। इससे न केवल घरों की बिक्री प्रभावित हुई है, बल्कि इससे जुड़े अन्य उद्योगों पर भी बुरा असर पड़ा है।
उद्योगों पर संकट
उपभोक्ता खर्च में कमी के चलते चीन की मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी समस्याएं उभर रही हैं। उदाहरण के लिए, प्रॉपर्टी फर्म एवखांडे की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी हॅगची ने बताया कि उसकी दो सहायक यूनिट्स दिवालिया हो चुकी हैं। जून 2023 के अंत तक लगभग 30% इंडस्ट्रियल कंपनियां घाटे में चल रही थीं।
छोटे और मध्यम उद्योगों की स्थिति खराब
चीन में छोटे और मध्यम उद्योगों की स्थिति भी खराब हो रही है। साल की पहली छमाही में, घाटा उठाने वाली इंडस्ट्रियल कंपनियों की संख्या 44% तक पहुंच गई थी। इसके अलावा, 2023 की शुरुआत में ही इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली आठ बड़ी कंपनियां बंद हो गईं या उन्होंने प्रोडक्शन रोक दिया। ईवी के सहायक उद्योग भी इस संकट से अछूते नहीं रहे हैं, और पिछले साल लगभग 52,000 ईवी से संबंधित कंपनियां बंद हो चुकी हैं।
सरकारी हस्तक्षेप
चीन की सरकार ने इस स्थिति को संभालने के लिए कई कदम उठाए हैं। 3 अगस्त को सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की स्टेट काउंसिल ने बीस सूत्री योजना पेश की, जिसका उद्देश्य बच्चों, बुजुर्गों की देखभाल, शिक्षा, स्पोर्ट्स और टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में उपभोक्ता खर्च को बढ़ावा देना है।
सरकार के ये प्रयास इस बात को दर्शाते हैं कि वे आर्थिक गतिविधियों में आई इस गिरावट से निपटने के लिए तैयार हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति से निपटना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। चीन में उपभोक्ता खर्च और आर्थिक विकास को पुनर्जीवित करने के लिए सरकार को लंबी अवधि के प्रभावी उपायों की जरूरत होगी।