और बढ़ेंगे कच्चे तेल के दाम, पैट्रोल-डीजल होगा महंगा

punjabkesari.in Friday, Aug 31, 2018 - 02:46 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने कहा है कि 2018 में कच्चे तेल के दाम और बढ़ने के आसार हैं जिससे पैट्रोल डीजल और महंगा हो सकता है। कुछ समय के लिए ये दाम 75 डॉलर प्रति बैरल से भी ऊपर जा सकते हैं। दुनिया भर में भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण ऐसा होने की संभावना है। इनमें ईरान पर प्रतिबंध और वेनेजुएला के उत्पादन में गिरावट भी शामिल है।

और बढ़ सकते हैं दाम
आईईए के कार्यकारी निदेशक फैथ बिरॉल ने कहा कि इस साल के आखिर में दुर्भाग्य से विश्व को बाजार में और तंगी देखने को मिल सकती है जिससे दामों पर दबाव बढ़ेगा। अगर पेट्रोलियम निर्यात करने वाले देशों का संगठन (ओपेक) उत्पादन में बड़े इजाफे का संकेत नहीं देता है तो ऐसा हो सकता है। गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चे तेल के दाम 80 डॉलर के स्तर की ओर बढ़ते हुए 77.38 डॉलर प्रति बैरल पर जा चुके हैं। जो इस बात का संकेत है कि ईरान के प्रतिबंधों से वैश्विक आपूर्ति सीमित हो सकती है जबकि अमेरिका का वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चा तेल एक समय पर 69.84 डॉलर के स्तर पर था।

मजबूत रहेगी तेल की मांग
बिरॉल ने नई दिल्ली में ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (टेरी) द्वारा ऊर्जा पर आयोजित एक बैठक में कहा, 'भारत और अन्य आयातक देशों को विश्वास दिलाते हुए काश मैं आपसे यह कह सकता कि हम कच्चे तेल के दामों में गिरावट के रुख की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन असलियत में जो तस्वीर हमें दिख रही है वह इसके उलट है। इसका एक कारण यह है कि इस साल और अगले साल तेल की मांग में काफी मजबूत इजाफा नजर आ रहा है जो करीब 15 लाख बैरल प्रतिदिन है। यह ऐतिहासिक रूप में औसत से बहुत ज्यादा है।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Supreet Kaur

Recommended News

Related News