Credit Card Transactions: देश में बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल, ट्रांजैक्शन को लेकर RBI ने शेयर किए आंकड़े

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 06:08 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश में डिजिटल पेमेंट और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, साल 2021 से 2025 के बीच क्रेडिट कार्ड से होने वाले ट्रांजैक्शन में 2.6 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान प्राइवेट सेक्टर के बैंकों ने क्रेडिट कार्ड बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।

आरबीआई की ‘पेमेंट सिस्टम रिपोर्ट, दिसंबर 2025’ के अनुसार, साल 2021 में क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन की संख्या 216 करोड़ थी, जो 2025 तक बढ़कर 570 करोड़ पहुंच गई। वहीं, क्रेडिट कार्ड से होने वाले कुल ट्रांजैक्शन की वैल्यू 8.9 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 23.2 लाख करोड़ रुपए हो गई यानी इसमें तीन गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।

यह भी पढ़ें: LPG ग्राहकों को राहत, ईंधन को लेकर सरकार और ऑयल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों का नया बयान 

डेबिट कार्ड का इस्तेमाल घटा

दूसरी ओर, डेबिट कार्ड के इस्तेमाल में लगातार गिरावट देखने को मिली है। साल 2021 में डेबिट कार्ड से 408.7 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए थे, जो 2025 में घटकर 133.6 करोड़ रह गए। ट्रांजैक्शन की कुल वैल्यू भी 7.4 लाख करोड़ रुपए से घटकर 4.5 लाख करोड़ रुपए पर आ गई।

आरबीआई के मुताबिक, यूपीआई, डिजिटल वॉलेट और क्रेडिट कार्ड के बढ़ते उपयोग के कारण डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कम हुआ है। हालांकि, डेबिट कार्ड अब भी देश में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले कार्ड बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें: सरकारी बैंकों और बीमा कंपनियों के खर्च पर सरकार की सख्ती, खर्चों में कटौती के निर्देश

प्राइवेट बैंकों का बढ़ा दबदबा

रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2025 तक क्रेडिट कार्ड बाजार में प्राइवेट बैंकों की हिस्सेदारी बढ़कर 71.1 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर 2021 में 67.7 प्रतिशत थी। वहीं, सरकारी बैंकों की हिस्सेदारी बढ़कर 23.9 प्रतिशत पहुंची, जबकि विदेशी बैंकों की हिस्सेदारी घटकर 3.8 प्रतिशत रह गई। इसके अलावा, स्मॉल फाइनेंस बैंकों ने भी इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है और दिसंबर 2025 तक करीब 14 लाख क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें: दुनिया की टॉप-100 कंपनियों में एक भी इंडियन नहीं, HDFC-TCS की रैंकिंग में भारी गिरावट

तेजी से बढ़ रहा डिजिटल पेमेंट सिस्टम

आरबीआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि देश में डिजिटल पेमेंट सिस्टम लगातार तेजी से विस्तार कर रहा है। साल 2016 से 2025 के बीच डिजिटल ट्रांजैक्शन की संख्या 33 गुना बढ़ी है, जबकि इनकी कुल वैल्यू लगभग तीन गुना तक पहुंच गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News