Coal India बढ़ाएगा वेतन, 23 हजार अधिकारियों को होगा फायदा

Thursday, Apr 05, 2018 - 04:21 PM (IST)

नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अगले दो महीने में अपने अधिकारियों के वेतन में वृद्धि करेगी। इससे कंपनी पर सालाना 1,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गोपाल सिंह ने  कहा, ‘‘अधिकारियों का वेतन बढ़ाया जाएगा। यह लगभग अंतिम चरण में है। मेरा मानना है कि इस पर फैसला अगले दो माह में होगा।’’ कंपनी के अधिकारियों का वेतन संशोधन एक जनवरी, 2017 से लंबित है।

सिंह ने कहा कि इस कदम से कंपनी के 23,000 अधिकारियों को फायदा होगा। इससे कंपनी पर सालाना 1,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी प्रस्तावित वेतन वृद्धि के प्रभाव को कम करने के लिए कंपनी कोयले का मूल्य बढ़ाएगी, सिंह ने कहा कि ऐसा विचार नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके बजाय कंपनी दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने के उपाय करेगी। कोल इंडिया के प्रमुख ने कहा कि इसकी भरपाई के कई तरीके हैं। आप उत्पादकता, दक्षता बढ़ाकर और लागत घटाकर इसकी भरपाई कर सकते हैं।

कोल इंडिया ने पिछले साल अक्तूबर में कर्मचारी यूनियनों के साथ पांच साल का वेतन समझौता किया था। इससे कंपनी पर सालाना 5,667 करोड़ रुपए का असर पड़ेगा। कोल इंडिया के कर्मचारियों की संख्या तीन लाख है। कर्मचारियों के साथ वेतन समझौता जुलाई, 2016 से लंबित था।  
 

Supreet Kaur

Advertising