ऐप से ATM कंट्रोल करने का दावा, एक्सपर्ट्स ने बताया सच
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 04:13 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि मोबाइल ऐप की मदद से ATM मशीन को भी बंद और चालू किया जा सकता है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि BAT-BMS जैसे इंटरफेस वाली ऐप के जरिए ATM को नियंत्रित करते हुए दिखाया गया है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा संभव नहीं है और वीडियो भ्रामक या एडिटेड हो सकता है।
वीडियो में दो लोग मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करते दिखाई देते हैं और उसी दौरान ATM मशीन बंद होकर दोबारा चालू होती नजर आती है। हालांकि, वीडियो में मौजूद लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं है और ऐसा भी नहीं दिखता कि वे बैंक या ATM के अधिकृत तकनीकी कर्मचारी हों। यही वजह है कि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
BAT-BMS ऐप से जुड़ा इंटरफेस बना चर्चा का विषय
वीडियो में दिख रहा ऐप का इंटरफेस काफी हद तक BAT-BMS ऐप जैसा नजर आता है। इसी तरह के ऐप का नाम हाल ही में उस समय चर्चा में आया था, जब कुछ मामलों में ई-रिक्शा को दूर से बंद करने के आरोप लगे थे। इसके बाद सरकार ने ऐसे ऐप्स पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ऐप स्टोर्स से हटाने के निर्देश दिए थे।
ATM को ऐप से कंट्रोल करना कितना संभव?
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ATM मशीनें अत्यधिक सुरक्षित नेटवर्क पर संचालित होती हैं। इनमें VPN, एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन और मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में किसी सामान्य मोबाइल ऐप या ब्लूटूथ के जरिए ATM को बंद या चालू करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं माना जाता।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि वीडियो में ATM का रीबूट होना महज संयोग हो सकता है, जिसे ऐप के साथ जोड़कर ऐसा दिखाया गया हो कि मशीन को दूर से नियंत्रित किया जा रहा है।
बैंकों की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
फिलहाल इस वायरल वीडियो पर किसी बैंक या ATM सेवा प्रदाता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए वीडियो में किए जा रहे दावे की पुष्टि नहीं हुई है।
