AU Small Finance Bank पर साइबर अटैक का दावा, हैकिंग ग्रुप ने डेटा लीक की दी धमकी, बैंक ने शुरू की जांच

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 03:55 PM (IST)

नई दिल्लीः AU स्मॉल फाइनेंस बैंक को लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। ScarlettGroup नाम के एक हैकिंग ग्रुप ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि उसने बैंक से जुड़ा डेटा हासिल कर लिया है और इसे लीक करने की धमकी दी है। हालांकि, हैकिंग ग्रुप के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, बैंक ने Salesforce प्लेटफॉर्म पर सीमित डेटा लीक होने की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बैंक के मुताबिक, यह मामला उसके व्हीकल फाइनेंस यानी 'व्हील्स' कारोबार से जुड़े ग्राहकों के डेटा से संबंधित है। संभावित डेटा लीक Salesforce के सॉफ्टवेयर-एज-अ-सर्विस (SaaS) प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिसे Salesforce मैनेज और होस्ट करता है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसके अपने बैंकिंग सिस्टम पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है और सभी बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।

हैकिंग ग्रुप ने किन जानकारियों तक पहुंच का किया दावा?

HackRisk पर प्रकाशित जानकारी के मुताबिक, ScarlettGroup ने ग्राहकों के KYC रिकॉर्ड, पैन और आधार से जुड़ी जानकारी, क्रेडिट रिपोर्ट, बैंक स्टेटमेंट, लोन एप्लिकेशन और हस्ताक्षरित एग्रीमेंट तक पहुंच बनाने का दावा किया है। इसके अलावा बीमा रिकॉर्ड, CRM डेटा, कर्मचारियों की जानकारी और आंतरिक ऑडिट लॉग भी कथित तौर पर इस डेटा में शामिल बताए गए हैं।

हालांकि, बैंक ने इन सभी जानकारियों के लीक होने की पुष्टि नहीं की है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ने संभावित डेटा लीक के दायरे और प्रभावित जानकारी का पूरा विवरण भी सार्वजनिक नहीं किया है। फिलहाल जांच जारी है।

ग्राहकों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

बैंकिंग सेवाएं सामान्य रहने के बावजूद ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध कॉल, ईमेल या मैसेज पर अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, कार्ड डिटेल और OTP साझा न करें। जांच पूरी होने तक कथित डेटा लीक से जुड़ी सभी जानकारियों को पुष्ट तथ्य मानना सही नहीं होगा।

शेयर में आई गिरावट

इस खबर के बीच AU स्मॉल फाइनेंस बैंक का शेयर ₹869 पर कारोबार कर रहा था। यह पिछले बंद भाव ₹879.50 के मुकाबले ₹10.50 यानी 1.19% नीचे था। कारोबार के दौरान शेयर ₹879.50 के उच्चतम और ₹860.45 के निचले स्तर तक पहुंचा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News