चीन ने जापान की 40 इकाइयों पर लगाया निर्यात नियंत्रण

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 02:49 PM (IST)

ताइपेः चीन ने जापान की 40 इकाइयों पर निर्यात नियंत्रण लगाने की सोमवार को घोषणा की। चीन का कहना है कि ये इकाइयां जापान की सैन्य ताकत को बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब जापान के साथ उसका तनाव लगातार बढ़ रहा है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा कि मित्सुबिशी कॉरपोरेशन की कई इकाइयों सहित 20 जापानी इकाइयों को नियंत्रण सूची में शामिल किया गया है। इसके तहत चीनी और विदेशी निर्यातकों को चीन में निर्मित दोहरे उपयोग (डुअल-यूज) वाले सामान इन संस्थाओं को बेचने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे सामानों का उपयोग नागरिक और सैन्य, दोनों उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, 20 अन्य संस्थाओं को दोहरे उपयोग वस्तुओं की निगरानी सूची में शामिल किया गया है। 

इस सूची में जहाजों के लिए इंजन व अन्य उपकरण बनाने वाली मित्सुई ईएंडएस तथा फुजित्सु और कोमात्सु कॉर्पोरेशन की कुछ इकाइयां शामिल हैं। इन कंपनियों को सामान निर्यात करने वाली चीनी कंपनियों को विशेष लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा। साथ ही, उन्हें जापानी कंपनियों के बारे में जोखिम मूल्यांकन रिपोर्ट और यह लिखित आश्वासन देना होगा कि दोहरे उपयोग की वस्तुओं का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए नहीं किया जाएगा।

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ''चीन के कदम पूरी तरह उचित, न्यायसंगत और कानूनसम्मत हैं। इनका उद्देश्य जापान द्वारा नए सैन्यवाद की लापरवाह दिशा में बढ़ने को दृढ़ता से रोकना है।'' जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने संकेत दिया था कि यदि चीन ताइवान के खिलाफ सैन्य बल का इस्तेमाल करता है तो जापान हस्तक्षेप कर सकता है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है। इसके बाद से ही चीन और जापान के बीच संबंध तनाव में हैं। इससे पहले फरवरी में भी चीन ने 20 जापानी कंपनियों को निर्यात नियंत्रण सूची और 20 अन्य को निगरानी सूची में डाला था।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News