IREDA में विनिवेश को कैबिनेट की मंजूरी

Wednesday, Jun 07, 2017 - 02:58 PM (IST)

नई दिल्लीः केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (आई.आर.ई.डी.ए.) में विनिवेश को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज यहां केन्द्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में कंपनी में विनिवेश के लिए प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने को मंजूरी दी गई। निर्गम के जरिए आई.आर.ई.डी.ए. की बाजार से तेरह करोड़ नब्बे लाख रुपए जुटाने की योजना है। सार्वजनिक निर्गम के तहत दस-दस रुपए मूल्य के शेयर जारी किए जाएंगे।

यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार शेयरों की बिक्री में खुदरा निवेशकों और आई.आर.ई.डी.ए. के कर्मचारियों को बुक बिल्डिंग के आधार पर पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। कंपनी के कर्मचारियों और खुदरा निवेशकों को कितने शेयर दिए जाएंगे, इसका फैसला सेबी के नियमों के तहत किया जाएगा।

सार्वजनिक निर्गम के जरिए जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल आई.आर.ई.डी.ए. अपनी अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के वित्त पोषण के लिए करेगी। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजार में कंपनी को अपनी मौजूदगी और बढ़ाने का मौका मिलेगा। देश में अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की बढ़ती मांग में अपना योगदान देने के लिए आई.आर.ई.डी.ए. के लिए अपना पूंजी आधार बढ़ाना जरुरी हो गया है। सरकार ने 2022 तक देश में 175 गीगावाट अक्षय ऊर्जा के उत्पादन का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश की आवश्यकता है। 
 

Advertising