इंडियाफर्स्ट लाइफ में 26% हिस्सेदारी खरीदेगी बीएनपी परिबा कार्डिफ

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 10:58 AM (IST)

मुंबईः फ्रांस की बीमा कंपनी बीएनपी परिबा कार्डिफ ने शुक्रवार को निजी इक्विटी फर्म वारबर्ग पिन्कस से इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। हालांकि सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया गया है। यह सौदा पूरा होने के बाद इंडियाफर्स्ट लाइफ में बैंक ऑफ बड़ौदा की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत रहेगी, जबकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पास नौ प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। शेष 26 प्रतिशत हिस्सेदारी बीएनपी परिबा कार्डिफ के पास रहेगी। 

कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि शेयरधारक बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा नेटवर्क, कंपनी की बहु-चैनल वितरण क्षमता और बीएनपी परिबा कार्डिफ की वैश्विक बैंकएश्योरेंस विशेषज्ञता, उत्पाद नवाचार और बीमा क्षमताओं के जरिए उसकी वृद्धि को तेज करने की योजना बना रहे हैं। बीएनपी परिबा कार्डिफ की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पॉलिन लेक्लेर-ग्लोरियू ने कहा कि यह सौदा उच्च संभावनाओं वाले बाजारों में मजबूत संस्थानों के साथ साझेदारी की उनकी अंतरराष्ट्रीय रणनीति को आगे बढ़ाएगा।

बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और सीईओ देवदत्त चंद ने कहा कि यह समझौता परिसंपत्ति प्रबंधन क्षेत्र में पहले से मौजूद साझेदारी का विस्तार है। वारबर्ग पिंकस के भारत प्रमुख नरेंद्र ओस्तवाल ने कहा कि बीएनपी परिबा कार्डिफ के रणनीतिक निवेशक के रूप में जुड़ने से इंडियाफर्स्ट लाइफ की वृद्धि को नई गति मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News