Consumer Court: 43 लाख की Audi खरीदने के महीने बाद आई खराबी, कंपनी पर लगा 1 लाख का जुर्माना

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 04:43 PM (IST)

नई दिल्ली: करीब 43 लाख रुपए की लग्जरी कार खरीदने के बाद बार-बार खराबी से परेशान एक कंसल्टेंट पायलट को कंज्यूमर कोर्ट से राहत मिली है। साउथ दिल्ली के डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर डिस्प्यूट्स रिड्रेसल कमीशन-II ने ऑडी इंडिया को सर्विस में कमी का जिम्मेदार मानते हुए शिकायतकर्ता को 1 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। तय अवधि में भुगतान नहीं करने पर इस रकम पर 6% सालाना ब्याज देना होगा।

कमीशन की प्रेजिडेंट मोनिका ए. श्रीवास्तव और मेंबर किरण कौशल ने कहा कि शिकायतकर्ता ने महंगा प्रोडक्ट खरीदा था। ऐसे में उससे एक भरोसेमंद गाड़ी की उम्मीद की जाती है, न कि ऐसी कार की जिसे बार-बार मरम्मत के लिए गैराज ले जाना पड़े। उपभोक्ता अदालत ने 15 सितंबर को यह आदेश ऋषभ शर्मा की शिकायत पर पारित किया।

शिकायतकर्ता ने 31 अगस्त 2021 को 43,19,000 रुपए में ऑडी A4 40 TFSI प्रीमियम प्लस खरीदी थी। उनके मुताबिक, खरीद के करीब एक महीने के अंदर ही कार में दिक्कतें शुरू हो गईं। सबसे गंभीर शिकायत यह थी कि ब्रेक लगाने के बाद भी कार की स्पीड बढ़ जाती थी। 2 नवंबर 2021 को अचानक कार की स्पीड बढ़ने से हादसा हो गया। इसमें शर्मा के खड़े होने में चोटें आईं। चोट के कारण वह कुछ समय तक फ्लाइट नहीं उड़ा सके।

सनरूफ से एयरबैग तक कई शिकायतें

ऋषभ शर्मा ने कार को डीलर रीजेंट गैराज प्राइवेट लिमिटेड के पास दिखाया। इसके बावजूद अलग-अलग समय पर कई परेशानियां सामने आती रहीं। इनमें सनरूफ का जाम होना, एयरबैग लाइट का झिलमिलाना, एयर कंडीशनिंग में खराबी और ऑटोमेटिक वाइपर का ठीक से काम नहीं करना शामिल था।

ऑडी इंडिया और उसके डीलर ने कार में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट होने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना था कि ब्रेक छोड़ने पर कार की स्पीड 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा बढ़ना सामान्य है और यह इंजन के आइडल RPM की वजह से होता है।

कमीशन ने माना कि शर्मा के वाहन में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट साबित करने के लिए कोई तकनीकी विशेषज्ञ साक्ष्य पेश नहीं किया जा सका। हालांकि, रिकॉर्ड से यह सामने आया कि कार खरीदने के पहले ही साल में उन्हें बार-बार सर्विस सेंटर जाना पड़ा। कमीशन ने इसी आधार पर ऑडी इंडिया को सेवा में कमी के लिए जिम्मेदार माना और उसे तीन महीने के अंदर 1 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News