Toll Plaza Collection: कमाई के मामले में No.1 है गुजरात के भरथना का टोल प्लाजा, हर साल कमाता है 400 करोड़
punjabkesari.in Monday, Mar 24, 2025 - 11:22 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः क्या आप जानते हैं कि भारत का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला टोल प्लाजा कौन सा है? यह टोल प्लाजा गुजरात के भरथना गांव में स्थित है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग 48 (NH-48) पर बना है। यह हाईवे देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ता है और देश का सबसे व्यस्त राजमार्ग भी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, यह टोल प्लाजा हर साल करीब 400 करोड़ रुपए की कमाई करता है।
देश के दूसरे सबसे बड़े कमाई वाले टोल प्लाजा
भरथना के बाद राजस्थान के शाहजहांपुर में स्थित NH-48 का ही एक और टोल प्लाजा है, जो सालाना 378 करोड़ रुपए की कमाई करता है। भारत में कुल 1,063 टोल प्लाजा हैं, जिनमें से 14 टोल प्लाजा ऐसे हैं जो सालाना 200 करोड़ रुपए से अधिक कमाते हैं।
FASTag से बढ़ी पारदर्शिता और टोल कलेक्शन
FASTag के आने से टोल की चोरी में कमी आई है और कलेक्शन में पारदर्शिता बढ़ी है। सरकार के अनुसार, 2019-20 में टोल से 27,504 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी, जो पिछले साल बढ़कर 55,882 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। पिछले पांच वर्षों में लोगों ने टोल के रूप में 1.9 लाख करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया है लेकिन यह राशि राजमार्गों के विकास और रखरखाव के लिए आवश्यक बजट का केवल 20% है।
किस राज्य में हैं सबसे ज्यादा टोल प्लाजा?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में सबसे ज्यादा 156 टोल प्लाजा हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 97 टोल प्लाजा हैं, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में 22,914 करोड़ रुपए की कमाई की है। राजस्थान के टोल प्लाजा ने इसी अवधि में 20,308 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज की है।
टोल प्लाजा पर ज्यादा कमाई कहां होती है?
अधिकारियों के अनुसार, टोल प्लाजा की सबसे ज्यादा कमाई उन मार्गों पर होती है, जो बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े होते हैं क्योंकि इन सड़कों पर भारी संख्या में कमर्शियल वाहन चलते हैं, जो निजी वाहनों की तुलना में अधिक टोल देते हैं। यही कारण है कि टोल कलेक्शन के मामले में NH-48 सबसे आगे है।