ब्लैक मनी पर स्विट्जरलैंड ने किए 3 और नामों का खुलासा

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2015 - 05:23 PM (IST)

नई दिल्ली:  स्विट्जरलैंड सरकार अपने यहां बैंक खाते रखने वाले पांच और भारतीय नागरिकों के नाम प्रकाशित किए हैं जिनके खिलाफ भारत में कर संबंधी जांच चल रही है। यहां के संघीय राज-पत्र में प्रकाशित इन नामों में उद्योगपति यश बिड़ला, जमीन जायदाद कारोबारी पोंटी चड्ढ़ा के दामाद गुरजीत सिंह कोचर और दिल्ली की महिला उद्योगपति रितिका शर्मा तथा मुंबई के सिटी लिमोजिन घोटाले में शामिल दो व्यक्तियों के नाम भी हैं। चड्ढा की कुछ वर्ष पूर्व हत्या कर दी गयी थी।

 स्विट्जरलैंड की सरकार ने इन भारतीयों के बारे में भारतीय अधिकारियों द्वारा मांगी गयी सूचनाओं के बाद उनके नाम प्रकाशित किये हैं।  स्विट्जरलैंड के कर विभाग, स्विस फेडरल टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफटीए) ने इनमें से बिड़ला और प्लेसिंग एपैरल कंपनी की रितिका शर्मा के बारे में कुछ सूचनाएं भारत सरकार के साथ पहले ही साझा कर चुका है।

इन पांच के अलावा दो अन्य भारतीयों स्नेहलता साहनी और संगीता साहनी के नाम भी सार्वजनिक किये गये हैं। इन दोनों के खिलाफ भी भारत में जांच चल रहे हैं। सिटी लिमोजीन के जरिये मुंबई में पांजी योजना चलाने को लेकर जांच का सामना कर रहे सईद मोहम्मद मसूद के बारे में कुछ ब्योरा स्विस प्राधिकरण ने पूर्व में साझा किया था।

प्रवर्तन निदेशालय के अनुरोध पर कुछ साल पहले उनका खाता जब्त कर लिया गया था। प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार भारत सरकार ने मसूद और सी कौसर मोहम्मद मसूद के बारे में नयी जानकारी मांगी है। इस मामले में बिड़ला के कार्यालय में एक एजेंसी की ओर से ई-मेल से भेजे गए सवालों का जवाब नहीं मिला। साथ ही रितिका को भी बार-बार फोन किया गया, पर उनकी तरफ से भी कोई जवाब नहीं मिला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News