अब पाइपलाइन से घरों में पहुंचेगी रसोई गैस

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2015 - 09:49 AM (IST)

उज्जैन: केन्द्रीय इस्पात एवं पैट्रोलियम राज्य मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि इंदौर एवं उज्जैन में आगामी दो साल में एक लाख घरों में पाइप के जरिए गैस प्रदान की जाएगी।  

प्रधान ने आज यहां सीएनजी मदर स्टेशन एवं घरेलू ‘पाइप्ड’ प्राकृतिक गैस आपूर्ति केन्द्र का उदघाटन करते हुए कहा कि गेल की दो हजार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन मध्य प्रदेश से गुजरने का लाभ इस प्रदेश को मिलेगा और सीएनजी गैस उपलब्धता का लाभ भी मिलेगा।  
 
उन्होंने कहा कि इस केन्द्र की स्थापना के चलते उज्जैन और इंदौर में अगले दो साल में एक लाख घरों में पाइप के जरिए घरों में गैस की आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही अन्य नगरों में गैस प्रदान करने का रास्ता साफ होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केन्द्रीय पैट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से मध्यप्रदेश में फर्टिलाइजर कारखानों की स्थापना की राह आसान हो गई है। 
 
उन्होंने कहा कि गेल द्वारा प्रदेश को सीएनजी गैस उपलब्ध करवाने से अब अधिक मात्रा में यूरिया का निर्माण संभव होगा, इससे किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के महाकौशल सहित अन्य क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से घरों में रसोई गैस पहुंचाने की योजना बनायी जा रही है। 
 
गेल एवं एचपीसीएल के संयुक्त उपक्रम अवन्तिका गैस लिमिटेड द्वारा स्थापित इस सीएनजी मदर स्टेशन केन्द्र से उज्जैन नगर के घरों में पाइप के माध्यम से घरेलू गैस उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे वाहनों को भी सीएनजी गैस मिल सकेगी।  मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मदर स्टेशन के जरिए सीएनजी गैस की सौगात उज्जैन शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र को भी मिलेगी। 
 
उन्होंने कहा कि पैट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ प्रदूषण-मुक्त और ग्रीन होगा। केंन्द्रीय इस्पात मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने उज्जैन में सीएनजी मदर स्टेशन की स्थापना कर प्रदेश को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News