सऊदी अरब के बाद रूस ने भी लिया कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती का फैसला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 05:59 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने जुलाई महीने में 10 लाख बैरल प्रतिदिन कच्चे तेल का उत्पादन घटाने का फैसला किया है जो कि अगस्त तक जारी रहेगा। सऊदी अरब की सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया कि अगस्त में उसका तेल उत्पादन प्रतिदिन 90 लाख बैरल प्रतिदिन होगा।

एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि तेल उत्पादन करने वाले देशों के समूह ओपेक प्लस के तेल बाजार को स्थिरता देने के प्रयासों की कोशिशों के लिए ये फैसला लिया गया है। वहीं, सऊदी अरब को देखते हुए रूस ने भी अगस्त में प्रतिदिन पांच लाख बैरल तेल निर्यात कम करने का फैसला किया है।

सूत्रों के मुताबिक, मॉस्को की ये कोशिश सऊदी अरब के साथ मिलकर तेल के वैश्विक दामों में उछाल लाने की है।

रूस का क्या है कहना

सऊदी अरब और रूस के फैसले के बाद कच्चे तेल के दामों में उछाल आया है और एक बैरल कच्चे तेल की कीमत 76.05 डॉलर तक पहुंच गई है। रूस के उप-प्रधानमंत्री एलेक्सेंडर नोवाक ने कहा है कि वैश्विक बाजार को उसके निर्यात में 5 लाख बैरल प्रतिदिन की कटौती की जाएगी ताकि तेल बाजार संतुलित रह सके।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए हुए हैं, इसके बावजूद रूस का तेल निर्यात मजबूत बना हुआ है। रूस ने फैसला किया है कि वो इस साल के आखिर तक तेल उत्पादन घटाएगा और 95 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन करेगा। सऊदी अरब के बाद रूस दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तेल निर्यातक है और 27 जून को सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात की थी। रूस और सऊदी अरब लगातार कच्चे तेल के दामों में उछाल लाने की कोशिशें कर रहे हैं।

आर्थिक सुस्ती और बड़े तेल उत्पादकों की पर्याप्त आपूर्ति के बाद कच्चे तेल के दाम में गिरावट आई है। एक साल पहले कच्चे तेल के दाम 113 डॉलर प्रति बैरल थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News