नोटबंदी के बाद सोना 29,000 के आसपास, चांदी 740 रु लुढ़की

Thursday, Dec 01, 2016 - 05:56 PM (IST)

नई दिल्लीः वैश्विक स्तर पर पीली धातु के 10 महीने के निचले स्तर तक लुढ़क जाने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपए टूटकर छह महीने के निचले स्तर 29,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 740 रुपए लुढ़ककर लगभग छह महीने के निचले स्तर 40,700 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

एशियाई बाजारों में आज सोना हाजिर 10 महीने के निचले स्तर 1,163.45 डॉलर प्रति औंस तक उतर गया। अमरीका में मजबूत आर्थिक आंकड़े आने से बुधवार को भी इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई थी। हालांकि, यूरोप में बाजार खुलने के बाद में इसकी गिरावट में कुछ कमी आई तथा लंदन में यह 3.80 डॉलर नीचे 1,168.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 4.6 डॉलर फिसलकर 1,169.3 डॉलर प्रति औंस रहा।

स्थानीय बाजार में सोने की मांग सामान्य रही। वैश्विक दबाव में सोना स्टैंडर्ड 400 रुपए की गिरावट के साथ 03 जून के बाद के निचले स्तर 29,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतना ही टूटकर 28,850 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। गिन्नी भी कमजोर पड़ी और 50 रुपए उतरकर 24,350 रुपए प्रति आठ ग्राम के भाव बिकी।

कमजोर औद्योगिक मांग और वैश्विक दबाव के मिले-जुले असर से चांदी हाजिर 740 रुपए का गोता लगाकर 09 जून के बाद के निचले स्तर पर 40,700 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। चांदी वायदा 1,840 रुपए लुढ़ककर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। हालांकि, सिक्कों पर चांदी की गिरावट का असर नहीं दिखा। कारोबारियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के अनुरूप दोनों कीमती धातुओं में गिरावट आई है। हालांकि सोने की स्थानीय मांग सुस्त बनी है। चांदी की औद्योगिक मांग भी कमजोर रही।

 

Advertising