अडानी एंटरप्राइजेज ने QIP का आकार बढ़ाकर ₹15,000 करोड़ किया, निर्गम को करीब 3.8 गुना बोलियां मिलीं

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 01:40 PM (IST)

नई दिल्लीः अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने अपने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) का आकार 10,000 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपए कर दिया है। मामले से जुड़े लोगों के अनुसार, शेयर बिक्री को करीब 38,000 करोड़ रुपए की बोलियां मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को शुरू हुए इस निर्गम को मूल निर्गम आकार की तुलना में करीब 3.8 गुना अभिदान मिला। इसमें मुख्य रूप से दीर्घकालिक संस्थागत निवेशकों ने निवेश किया। 

निर्गम में निवेश करने वालों में कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन और नोमुरा जैसी वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियां और वित्तीय संस्थान शामिल हैं। घरेलू निवेशकों में एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, एसबीआई म्यूचुअल फंड और टाटा म्यूचुअल फंड शामिल रहे। यह मजबूत प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब निवेशक अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी से जुड़े अमेरिका में जारी कानूनी मामलों पर भी नजर बनाए हुए हैं। 

यह पिछले एक वर्ष में अडानी एंटरप्राइजेज की दूसरी बड़ी इक्विटी फंड जुटाने की कवायद है। इससे पहले कंपनी ने 2025 में 25,000 करोड़ रुपए का राइट्स इश्यू पूरा किया था। कंपनी ने कहा कि शेयर बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और रणनीतिक निवेश तथा अधिग्रहण आदि के लिए किया जाएगा। निर्गम का सांकेतिक मूल्य 2,883 रुपए प्रति शेयर रखा गया, जो भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा निर्धारित 3,034.68 रुपए के न्यूनतम मूल्य से पांच प्रतिशत और दो जुलाई के बंद भाव 3,177.50 रुपए से 9.27 प्रतिशत कम है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News