UPI MDR Charge: त्योहार खत्म होते ही UPI पर बढ़ी हलचल, MDR शुल्क पर जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2026 - 03:20 PM (IST)
नई दिल्लीः त्योहारी सीजन खत्म होने के साथ ही अब UPI पेमेंट करने वाले लोगों और कारोबारियों को नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर फैसले का इंतजार है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की ओर से जल्द ही UPI ट्रांजैक्शन पर नए शुल्क लागू करने की तारीख का ऐलान किया जा सकता है। पहले इसे 15 अक्टूबर से लागू किया जाना था लेकिन दिवाली और त्योहारी खरीदारी को देखते हुए सरकार ने इसके क्रियान्वयन को टाल दिया था। अब भाई दूज के साथ त्योहारों का सिलसिला खत्म होने के बाद इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
₹2,000 से अधिक के भुगतान पर लगेगा 0.4% शुल्क
NPCI के प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई ट्रांजेक्शन पर 0.4% MDR लगाया जाएगा। हालांकि, इस शुल्क की अधिकतम सीमा ₹300 तय की गई है। उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यापारी ₹1 लाख का भुगतान प्राप्त करता है, तो उसे अधिकतम ₹300 शुल्क देना होगा।
रेलवे, टेलीकॉम, बीमा और पेट्रोल-डीजल जैसे क्षेत्रों के लिए रियायती दर लागू होगी। इन पर ₹2,000 से अधिक के भुगतान के लिए प्रति ट्रांजेक्शन ₹5 का शुल्क प्रस्तावित है। वहीं, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और स्टॉक ब्रोकर्स को किए जाने वाले भुगतान पर 0.02% MDR लगेगा, जिसकी अधिकतम सीमा ₹300 होगी।
ग्राहकों और व्यक्तिगत ट्रांसफर पर नहीं पड़ेगा असर
आम ग्राहकों को राहत की बात यह है कि MDR का भुगतान व्यापारी को करना होगा। ग्राहकों से सीधे यह शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति (P2P) को पैसे भेजना पहले की तरह मुफ्त रहेगा। दोस्तों और परिवार को पैसे भेजने या अपने बैंक खातों के बीच रकम ट्रांसफर करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
नई तारीख का इंतजार
NPCI ने दिवाली के तुरंत बाद नए शुल्क लागू करने की बात कही थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। अब व्यापारियों और ग्राहकों को NPCI की नई अधिसूचना का इंतजार है।
