2000 रुपए के 97.62% नोट बैंकों में वापस आए, अब केवल 8470 करोड़ रुपए के नोट बाजार में मौजूद

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 04:33 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार (1 मार्च 2024) को 2000 रुपए के नोट को लेकर बड़ी जानकारी शेयर की। केंद्रीय बैंक ने बताया कि अब तक 2000 रुपए के करीब 97.62 प्रतिशत नोट बैंकों में वापस आ चुके हैं। बता दें कि आरबीआई ने मई 2023 में 2000 रुपए के नोट को चलन से हटाने और बाजार से वापस लेने का ऐलान किया था।

आरबीआई ने बताया कि 2,000 रुपए मूल्य के लगभग 97.62 प्रतिशत नोट बैंकों में वापस आ चुके हैं और अब सिर्फ 8,470 करोड़ रुपए के नोट ही लोगों के पास मौजूद हैं। मई 2023 में चलन से बाहर होने की घोषणा के बाद आरबीआई ने लोगों से इन नोटों को बैंकों में जमा कराने या दूसरे मूल्य के नोटों से बदलने को कहा था।

वैध मुद्रा नहीं बने रहेंगे 2000 रुपए के नोट

आरबीआई ने एक बयान में कहा, ’19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 2,000 रुपए मूल्य के कुल 3.56 लाख करोड़ रुपए के नोट चलन में मौजूद थे। इस मूल्य वर्ग के चलन में मौजूद नोटों का मूल्य 29 फरवरी, 2024 को कारोबार समाप्ति पर घटकर 8,470 करोड़ रुपए रह गया है।’ इस तरह 2,000 रुपए के बाजार में मौजूद कुल 97.62 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं। इसके साथ ही आरबीआई ने साफ किया कि 2,000 रुपए के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।

देशभर में RBI की ब्रांच में जमा किए जा सकते हैं 2000 के नोट

आरबीआई ने देश भर के अपने 19 कार्यालयों में 2,000 रुपए के नोट को जमा या बदलने की सुविधा जारी रखी है। इसके अलावा लोग किसी भी डाकघर से आरबीआई के किसी भी कार्यालय में इंडिया पोस्ट के जरिये इन नोटों को भेज सकते हैं। आरबीआई ने पहले कहा था कि लोग और संस्थाएं 30 सितंबर, 2023 तक इन नोट को बैंकों में जाकर बदल या जमा कर सकती हैं। बाद में समय सीमा सात अक्टूबर, 2023 तक बढ़ा दी गई थी। 

हालांकि आठ अक्टूबर, 2023 से लोगों को आरबीआई के 19 कार्यालयों में मुद्रा का आदान-प्रदान करने या उनके बैंक खातों में राशि जमा करने का विकल्प दिया गया है। यह सुविधा आरबीआई के अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम कार्यालयों में है। आरबीआई ने नवंबर, 2016 में 500 और 1,000 रुपए मूल्य वर्ग के नोटों को चलन से बाहर किए जाने के बाद 2,000 रुपए मूल्य के नोट जारी किए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News