भारत में 5G का क्रेजः स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 87% तक पहुंची, ग्लोबल रैंकिंग में 14वां स्थान
punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 11:58 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत में स्मार्टफोन शिपमेंट में 5G हैंडसेट की हिस्सेदारी 2025 की पहली छमाही में 87% तक पहुंच गई, जो उपभोक्ताओं के बीच नई तकनीक अपनाने की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाता है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के अनुसार, इस बढ़त के साथ भारत ग्लोबल रैंकिंग में 14वें स्थान पर आ गया है।
पिछले सालों की तुलना
- 2023 की पहली छमाही: 5G हिस्सेदारी 47%, रैंक 40वां
- 2024 की पहली छमाही: 5G हिस्सेदारी 74%, रैंक 29वां
विश्लेषकों का कहना है कि भारत 2026 तक 5G हिस्सेदारी 90% तक पहुंचा सकता है। हालांकि, 30 करोड़ से अधिक लोग अभी भी 2G और 3G फोन इस्तेमाल कर रहे हैं और 4G में अपग्रेड भी धीमी गति से हो रहा है।
ग्लोबल परिदृश्य
- टॉप देश: दक्षिण कोरिया और जापान 97% हिस्सेदारी के साथ टॉप पर हैं, इसके बाद चीन और कनाडा 94%, अमेरिका 93%
- निचले दस देशों में: पाकिस्तान और बांग्लादेश औसतन 15%, वेनेजुएला सबसे नीचे 1%
- छह अफ्रीकी देश (घाना, तंजानिया, केन्या, इथियोपिया, कांगो, अल्जीरिया) की हिस्सेदारी 11%-22%
वियतनाम का तेजी से बढ़ता ग्रोथ
वियतनाम में 2025 की दूसरी तिमाही में 50% स्मार्टफोन शिपमेंट 5G आधारित थे, जबकि पिछले साल यह सिर्फ 35% थी। यह बदलाव देश में 5G इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार की वजह से हुआ।
विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत 5G अपनाने के मामले में अगले 2-3 साल में टॉप 5 देशों में शामिल हो सकता है।