हरदीप सिंह पुरी ने दी जानकारी, गुरुवार को 494 घरेलू उड़ानों से 38078 लोगों ने की यात्रा
Friday, May 29, 2020 - 02:20 PM (IST)
नई दिल्लीः नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि देश में बृहस्पतिवार को कुल 494 घरेलू उड़ानों से 38,078 लोगों ने यात्रा की। कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के चलते देश में 25 मार्च से 24 मई तक सभी यात्री उड़ानें निलंबित थीं। गत सोमवार से घरेलू यात्री उड़ान सेवा बहाल हुई है। अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें अभी निलंबित हैं।
पुरी ने ट्विटर पर लिखा, '28 मई 2020 को रात 11:59 तक घरेलू उड़ानों के आंकड़े: दिन चौथा, प्रस्थान 494 उड़ानें तथा 38,078 यात्री, आगमन 493 उड़ानें तथा 38,389 यात्री।'
हवाई यात्रा के लिए गाइडलाइंस
मालूम हो कि भारत में हवाई यात्रा कर रहे सभी यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग करना जरूरी है, अपने साथ ले जा रहे बैगों की संख्या कम करनी होगी, वेब चेक-इन की सुविधा होगी और मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का पालन करना होगा। इसके अलावा आरोग्य सेतु एप को फोन में डाउनलोड करना आवश्यक बताया गया है।
भारत में सभी यात्रियों को फेस शील्ड, सैनिटाइजर और मास्क दिए जाएंगे और इसके अलावा यात्रियों को कम से कम शौचालय के इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।