गाय के अनेक लाभों से हम वंचित क्यों

punjabkesari.in Friday, Jun 09, 2023 - 06:28 AM (IST)

गाय हमारा सबसे श्रेष्ठ धन है जिसका हम केवल तुच्छ लाभ ही उठा रहे हैं। विदेशी प्रभाव के कारण हमारा देश बड़े पैमाने पर मांस का निर्यात कर रहा है जो अपने आप में एक बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्म की बात है। हमारे देश में सियासी नजरिए को सामने रखकर गऊ के विभिन्न प्रकार के लाभों से देश को वंचित रखा जा रहा है। अमरीका के कृषि विभाग द्वारा एक पुस्तक प्रकाशित की गई जिसका नाम ‘काऊ इज वंडरफुल लैबोरेटरी’ अर्थात ‘गाय एक अद्भुत प्रयोगशाला’ है। इस पुस्तक में सिद्ध किया गया कि समस्त जीव तथा दुग्धधारी पशुओं में केवल गाय ही एक ऐसा जीव है जिसे भगवान ने लगभग 180 फुट लम्बी आंत दी है। अन्य पशुओं में यह विशेषता नहीं है। 

शारीरिक संरचना में सबसे लम्बी आंत गाय की है जिससे इसका दूध अन्य दुग्धधारी पशुओं से अधिक श्रेष्ठ होता है। गाय की रीढ़ की हड्डी के भीतर एक सूर्य केतु नाड़ी होती है। इस नाड़ी में गाय के शरीर पर सूर्य किरण के स्पर्श से स्वर्ण तत्व का निर्माण होता है। गाय के 100 किलो दूध में 1 मासा स्वर्ण पाया जाता है। गाय का दूध पीले रंग का होता है। यह पीलापन कैरोटीन तत्व के कारण होता है। 

मनुष्य के अनेक अंगों में कैंसर रोग का प्रमुख कारण शरीर में कैरोटीन तत्व की कमी होना पाया जाता है। गाय के दूध में कैरोटीन भैंस के दूध से 10 गुना ज्यादा होता है। गाय के उपरोक्त गुणों को देखते हुए यदि भारत में गाय का वध बंद नहीं हुआ तो इससे बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात और क्या हो सकती है। गाय को हर प्रकार का संरक्षण देने से देश को कई गुना लाभ होगा। इसके लिए हमारी सरकारों को सख्ती से गौवध बंद करने पर विचार करना होगा, इसी में भारत और भारतीयता की सभ्यता का गौरव होगा।-महाबीर मक्कड़, जमाल (सिरसा) हरियाणा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News